मासूम शर्मा सुरक्षा विवाद: पुलिसकर्मियों के साथ रील बनाना पड़ा भारी

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल। पुलिसकर्मियों के साथ 'गैंगस्टर' थीम पर रील बनाने का आरोप। जींद एसपी ने जांच के दिए आदेश।
 
विकास रजाना इंस्टाग्राम

जींद : हरियाणा पुलिस का नारा "सेवा, सुरक्षा, सहयोग" एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मामला हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और उनकी टीम से जुड़ा है। आरोप है कि पुलिस द्वारा दी गई सुरक्षा का इस्तेमाल सुरक्षा व्यवस्था के बजाय सोशल मीडिया पर रील बनाने और दबदबा दिखाने के लिए किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मासूम शर्मा और उनकी टीम के सदस्य पुलिस सुरक्षा में रहते हुए इंस्टाग्राम पर पुलिसकर्मियों के साथ बदमाशी और गैंगस्टर थीम वाले गानों पर रीलें पोस्ट कर रहे हैं। इन रीलों को लेकर सोशल मीडिया पर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या सरकारी सुरक्षा का उपयोग इस तरह के प्रचार-प्रसार के लिए किया जा सकता है। इतना ही नहीं, मासूम शर्मा की टीम के सदस्य विकास रजाना के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी ऐसी कई रीलें मौजूद बताई जा रही हैं, जिनमें पूरी टीम पुलिसकर्मियों के साथ बदमाशी वाले गानों पर वीडियो बनाती दिखाई देती है। आरोप है कि इससे युवाओं के बीच गलत संदेश जाता है और पुलिस सुरक्षा का उद्देश्य भी सवालों के घेरे में आ जाता है।

गौरतलब है कि हरियाणवी कलाकार मासूम शर्मा ने पहले जान से मारने की धमकियों का हवाला देते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। अब आरोप लग रहे हैं कि उसी सुरक्षा का उपयोग सोशल मीडिया कंटेंट और रीलों के लिए किया जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर पंजाब केसरी टीवी ने जींद पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह से बातचीत की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी कलाकार या अन्य व्यक्ति पुलिस सुरक्षा का दुरुपयोग करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ रील बनाता है या सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करता है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच के बाद क्या कदम उठाती है।