मोदी सरकार के 12 वर्ष: विकास, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल क्रांति की गाथा

मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर हरियाणा मंत्री कृष्ण बेदी का बयान। महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में आए बड़े बदलावों पर चर्चा।

 
यूपीआई डिजिटल ट्रांजेक्शन

चंडीगढ़  : हरियाणा के केबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा है कि भारतीय राजनीति में पिछले 12 वर्ष नए आयाम स्थापित करने वाले रहे हैं। भारत ने आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक व अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी नई पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इन वर्षों में प्रत्येक भारतवासी ने आए दिन नए भारत की तस्वीर को देखा व महसूस किया है। 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने भारत के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

बेदी ने कहा कि शपथ लेने के बाद कार्यभार संभालते समय पहले दिन ही खुद को ‘प्रधानमंत्री’ की जगह ‘प्रधान सेवक’ कहा और पिछले 12 सालों में अपने आचरण से इसे साबित भी किया। कई मौकों पर देखा गया है कि पीएम मोदी ने खुद अपने काफिले का प्रोटोकॉल तोड़ा ताकि किसी एम्बुलेंस को रास्ता मिल सके। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के भारत आने पर वे उन्हें दिल्ली के बंद कमरों से निकलकर देश के अलग-अलग राज्यों में ले गए, जिससे दिल्ली-केंद्रित वीआईपी डिप्लोमेसी का अंत हुआ। इन 12 वर्षों में विश्व के कई देशों ने विभिन्न मोर्चों पर भारत से सहयोग की उम्मीद की और भारत ने आगे बढक़र पड़ोसी धर्म निभाया। इस अवधि के दौरान सबसे बड़ा कार्य बेटियों के सम्मान तथा महिलाओं कोआत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य हुआ है। 22 जनवरी 2015 हरियाणा के पानीपत से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू करके बेटियों के जन्म को सुरक्षित बनाया गया और यह योजना देशभर में मानवीय स्वभाव में बदलाव के रूप में देखी गई।

उन्होंने कहा कि  केंद्र सरकार का फोकस केवल महिला विकास नहीं बल्कि महिलाओं के नेतृत्व वाला विकास रहा है। गांव की रसोई से लेकर संसद तक, बैंक खाते से लेकर डिजिटल भुगतान तक और सामाजिक अधिकारों से लेकर राजनीतिक प्रतिनिधित्व तक पिछले 12 वर्षों में महिलाओं के जीवन में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मोदी सरकार की सबसे चर्चित महिला केंद्रित योजनाओं में रही। अब तक 10 करोड़ से अधिक गरीब महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिया जा चुका है। बेदी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया। ग्रामीण महिलाओं के लिए यह योजना केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा बड़ा बदलाव साबित हुई है। पहले महिलाओं को खुले में शौच के लिए अंधेरा होने का इंतजार करना पड़ता था। अब घरों में शौचालय बनने से उनकी सुरक्षा और गरिमा दोनों बढ़ी हैं।

बेदी ने कहा कि  मोदी सरकार ने तीन तलाक की प्रथा को कानूनन अपराध घोषित कर इसे मुस्लिम महिलाओं के अधिकार और सम्मान से जोडक़र पेश किया। पिछले 12 वर्षों में डिजिटल इंडिया अभियान ने गांवों और कस्बों में हर वर्ग को टेक्नोलॉजी से जोडऩे का काम किया है। आज बड़ी संख्या में महिलाएं, दुकानदार, चाय विक्रेता, रेहड़ी फड़ी वाले मोबाइल बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि  आज पूरा देश जनधन, आधार तथा मोबाइल अर्थात जैम पर केंद्रीत है। मोदी सरकार ने आधार कार्ड को देश के प्रत्येक नागरिक की पहचान बनाया। वर्ष 2014 में डिजिटल इंडिया अभियान की शुरुआत हुई। आज सरकार के पास प्रत्येक किसान, महिला तथा अन्य लाभार्थी का डिजिटल ब्यौरा मौजूद है। जिसकी मदद से दिल्ली में बैठी सरकार भारत के किसी भी कोने में रहने वाले लाभार्थी के खाते में डीबीटी के तहत धनराशि ट्रांसफर कर रही है। भारत में वर्ष 2025 तक 56 करोड़ 16 लाख जनधन खाते खुल चुके थे, जिनमें 2.6 लाख करोड़ की धनराशि जमा हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि   2014 में हमारे देश में 25 करोड़ इंटरनेट यूजर थे जो आज 97 करोड़ तक पहुंच गए हैं। देश में रोजाना यूपीआई से 60 करोड़ ट्रांजेक्शन हो रही है। जिसमें 86 हजार करोड़ का लेनदेन होता है। छोटे दुकानदार व रेहड़ी वाले क्यू आर कोड का इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले साल यूपीआई के जरिए 24 हजार 162 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए। जिसके माध्यम से 314 लाख करोड़ का लेनदेन हुआ। 2016 में जब यूपीआई को लांच किया गया तो उस वर्ष केवल 7000 करोड़ का लेनदेन हुआ था। हमारे देश में उससे पहले ऐसा कोई सिस्टम नहीं था। हमारे देश में वर्ष 2016 में मात्र 500 स्टार्टअप थे। वर्ष 2025 में इनकी संख्या बढक़र 2 लाख से अधिक हो गई है। इसके माध्यम से 22 लाख युवाओं को सीधा रोजगार मिला है। बेदी ने कहा कि देशवासी अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के बाद शेयर बाजार तथा म्यूचल फंड में भी निवेश कर रहे हैं। वर्ष 2013 में भारत में डी मैट खातों की संख्या दो करोड़ थी यह आज बढक़र 22 करोड़ तक पहुंच चुकी है। वर्ष 2014 में हमारे देश में 91 हजार किलोमीटर नेशनल हाईवे थे। 2025 में यह बढक़र एक लाख 46 हजार 204 किलोमीटर हो गए। मोदी सरकार से पहले देश में एक दिन में 12 किेलोमीटर हाईवे का निर्माण होता था जबकि 2025 में यह 34 किलोमीटर तक पहुंच गया।

बेदी ने कहा कि 2018 में मोदी सरकार ने देश में नई स्वास्थ्य क्रांति की शुरूआत करते हुए आयुष्मान भारत योजना शुरू की। आज देश में 44 करोड़ आठ लाख 75 हजार आयुष्मान कार्ड धारक हैं। जिनका पांच लाख तक का मुफ्त इलाज हो रहा है। वर्ष 2014 में 15 करोड़ एलजीपी कनेक्शन थे जो 2025 में बढक़र 33 करोड़ तक पहुंच गए हैं।2019 जल जीवन मिशन शुरू किया तो तीन करोड़ परिवारों के घर में नल से जल पहुचंता था। एक अनुमान के मुताबिक 19.36 करोड़ परिवार गांवों में रहते हैं। जिसमें से 15.69 करोड़ परिवारों के घरों में नल से जल सप्लाई हो रहा है। वर्ष 2014 में भारत का डिफैंस एक्सपोर्ट 686 करोड़ का था। यह 2025 में बढक़र 38 हजार 424 करोड़ तक पहुंच गया है।

बेदी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर हरियाणा में भी भारतीय जनता पार्टी ने सेवा का महाअभियान चलाने का फैसला लिया है। यह अभियान 21 जून तक आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के हर जिले, मंडल और विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 और 12 जून को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष मीडिया से संवाद कर मोदी सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे। इस दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा और विकसित भारत संकल्प से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला स्तर पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन भी होंगे। प्रत्येक सांसद अपने लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में एक दिन बिताएंगे, जबकि विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र के हर मंडल में एक दिन व्यतीत करेंगे। इसके लिए पांच-पांच सदस्यों की टीम बनाई जाएगी। पिछले 12 वर्षों के दौरान यह देश आत्मविश्वास से भरे राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। आत्मविश्वास से आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करने में प्रत्येक देशवासी की भूमिका अहम होगी।