School Building Shortage 7 Students News 2026: सुखपुरा के सरकारी स्कूल की बदहाली: एक कमरे में चल रही कक्षाएं, 40 से घटकर 7 रह गए विद्यार्थी

मुंढाल के गांव सुखपुरा के राजकीय प्राथमिक स्कूल में भवन व शिक्षकों की कमी से विद्यार्थी 40 से घटकर 7 रह गए; ग्रामीणों ने की मांग।
 
Haryana news today Hindi

मुंढाल: जिले के गांव सुखपुरा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला इमारत के अभाव में बदहाली का शिकार है। कभी पांच कमरों में संचालित होने वाला स्कूल अब ग्राम पंचायत की लाइब्रेरी के महज एक कमरे में सिमटकर रह गया है। आठ साल से नए भवन का इंतजार कर रहे इस विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या 40 से घटकर महज सात रह गई है।

पहली से पांचवीं तक के इन विद्यार्थियों को पढ़ाने की जिम्मेदारी भी एक ही शिक्षक के कंधों पर है। वर्ष 2019 में स्कूल के भवन को असुरक्षित घोषित कर गिरा दिया गया था। उस समय विद्यालय में पांच कमरे थे। भवन टूटने के बाद से ही पंचायत की लाइब्रेरी में कक्षाएं लगाई जा रही हैं। करीब आठ साल बीतने के बावजूद नए भवन का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के अनुसार बजट के अभाव में आज तक भवन निर्माण का टेंडर भी नहीं लगाया गया।

👨‍🏫 2016 से एक ही शिक्षक, कई जिम्मेदारियां

विद्यालय में वर्ष 2016 से केवल एक शिक्षक तैनात है। वहीं मुख्य अध्यापक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके अलावा उनके पास BLO और मिड-डे-मील इंचार्ज का काम भी है। ऐसे में बच्चों को पढ़ाने के साथ विभागीय और अन्य जिम्मेदारियां निभाना भी चुनौती बना हुआ है।

ग्रामीण अजीत सिंह, पूर्व रोडवेज इंस्पेक्टर ने बताया कि कुछ वर्ष पहले स्कूल में करीब 40 विद्यार्थी पढ़ते थे। भवन की समस्या और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में विद्यार्थियों की संख्या लगातार घटती गई। अब पहली से पांचवीं कक्षा तक पूरे विद्यालय में केवल सात विद्यार्थी रह गए हैं।

🏗️ भवन बने तो लौट सकती है पाठशाला की रौनक

ग्रामीण बलवान घणघस, दलबीर, मंजीत, अजीत सिंह, सुरेश कुमार, रमेश, राममेहर डिप्टी डायरेक्टर और मोनू डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि स्कूल का नया भवन बनने और पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति होने से विद्यार्थियों की संख्या बढ़ सकती है। विद्यालय में बच्चों के लिए पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था तक नहीं है। पानी के लिए कैंपर मंगवाने पड़ते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस विद्यालय में बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए, वहां वर्षों से भवन, स्टाफ और मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने शिक्षा विभाग और सरकार से नए भवन का निर्माण जल्द शुरू करवाने, पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति करने और पीने के पानी सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आठ साल से भवन की बाट जोह रहे बच्चों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि स्कूल की नई इमारत चाहिए।

ग्रामीणों की बात: सुखपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का भवन 2019 में असुरक्षित घोषित कर तोड़ दिया था। उसके बाद स्कूल लाइब्रेरी में संचालित हो रहा है। हमने पंचायत व शिक्षा विभाग को लिखित में दे दिया था। विद्यालय के लिए नए भवन का निर्माण नहीं हुआ है।

पंचायत का पक्ष: यह मामला पंचायत के संज्ञान में है। पंचायत ने शिक्षा विभाग को लिखित में शिकायत कर रखी है। उसके बाद भी आज तक टेंडर नहीं लग पाया है। बिल्डिंग नहीं होने की वजह से बच्चों की संख्या कम हो रही है।