नरवाना: व्यापारियों की जीत, मंत्री कृष्ण बेदी ने रुकवाया बुलडोजर, नोटिस रद्द

नरवाना के ओल्ड कोर्ट रोड पर चबूतरे नहीं टूटेंगे! कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल बेदी ने प्रशासन को लगाई फटकार, नोटिस किए रद्द। व्यापारियों के साथ बनाई 11 सदस्यीय कमेटी।

 
कृष्ण बेदी का अधिकारियों को निर्देश

नरवाना : जींद के नरवाना में ओल्ड कोर्ट रोड पर पिछले कई दिनों से चला आ रहा प्रशासन और व्यापारियों का विवाद अब खत्म हो गया है। यह विवाद अब कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल बेदी के दरबार में पहुँचा, जहाँ मंत्री ने न केवल मामले को सुना बल्कि मौके पर ही उसका समाधान भी निकाल दिया। कृष्ण बेदी ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि व्यपारियों से उत्पीड़न सहन नहीं होगा, इस एरिया में बुलडोजर नहीं चलेगा।

दरअसल ओल्ड कोर्ट रोड पर दुकानों के बाहर बने चबूतरे तोड़ने को लेकर प्रशासन और दुकानदारों के बीच ठनी हुई थी। व्यापारियों में भारी रोष था, जिसके बाद मामला राज्य के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के पास पहुँचा। मंत्री ने तत्काल अधिकारियों और व्यापारियों की संयुक्त बैठक बुलाई। बैठक में मंत्री का सख्त रुख देखने को मिला। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि विकास के नाम पर व्यापारियों का नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दुकान का चबूतरा नहीं तोड़ा जाएगा।

भविष्य में ऐसे विवाद न हों, इसके लिए मंत्री ने एक 11 सदस्यीय 'संयुक्त कमेटी' बनाने के निर्देश दिए हैं। इस कमेटी में प्रशासन के अधिकारी और व्यापारियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जो आपसी तालमेल से सड़क और दुकान संबंधी मुद्दों का निपटारा करेंगे। मंत्री के इस फैसले के बाद से स्थानीय व्यापारियों में खुशी की लहर है।

वहीं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि नोटिस केंसल किए जाएंगे, अब दूकानों के आगे से चबूतरे नहीं टूटेगें। बरसात के पानी की निकासी के लिए 6 अधिकारियों के साथ 11 सदस्य कमेटी का गठन किया जाएगा। नगर परिषद के कर्मचारियों की वजह से व्यापारियों को परेशानी हुई, उसके लिए माफी चाहता हूं।