National Youth Athletics Championship: साई केंद्र की एथलीट अंजलि ने गोला फेंक में जीता स्वर्ण, गुंजन ने हाई जंप में हासिल किया रजत पदक

साई खेल प्रशिक्षण केंद्र भिवानी की अंजलि ने गोला फेंक में स्वर्ण और गुंजन ने हाई जंप में रजत पदक जीता।
 
Gunjan high jump silver

भिवानी। 21वीं राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में साई खेल प्रशिक्षण केंद्र की एथलीट अंजलि ने गोला फेंक में स्वर्ण और गुंजन ने हाई जंप में रजत पदक हासिल किया। एक से तीन सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में अंजलि ने 16.02 मीटर की दूरी तक गोला फेंककर स्वर्ण पदक जीता, जबकि गुंजन ने 165 सेंटीमीटर की ऊंचाई पार कर रजत पदक अपने नाम किया।

दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से साई खेल प्रशिक्षण केंद्र में खुशी का माहौल है और केंद्र के उप निदेशक दीपक पंत ने एथलीटों व उनके प्रशिक्षक सूरज भान को बधाई दी। दीपक पंत ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक हासिल करना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दोनों एथलीटों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से साई खेल प्रशिक्षण केंद्र एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी। दीपक पंत ने एथलेटिक्स प्रशिक्षक सूरज भान के तकनीकी मार्गदर्शन और अथक प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि समर्पित प्रशिक्षक के मार्गदर्शन से खिलाड़ियों की प्रतिभा को सही दिशा मिलती है और उनके प्रदर्शन में निरंतर निखार आता है।