निरोगी हरियाणा: 1 करोड़ से अधिक की हेल्थ स्क्रीनिंग, अब 70+ बुजुर्गों को मिलेगा मुफ्त लाभ
हरियाणा में 'निरोगी हरियाणा' योजना का बड़ा मील का पत्थर! 1 करोड़ से अधिक की स्क्रीनिंग और 5.86 करोड़ मुफ्त टेस्ट। अब 70+ बुजुर्गों को भी मिलेगा योजना का लाभ।
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना 'निरोगी हरियाणा' ने एक बड़ा मील का पत्थर पार कर लिया है। योजना के तहत अब तक 1 करोड़ 7 लाख से अधिक लोगों की डिजिटल हेल्थ स्क्रीनिंग की जा चुकी है और लगभग 5.86 करोड़ लैब टेस्ट पूरी तरह से निशुल्क किए गए हैं। इस पहल ने न केवल बीमारियों की समय पर पहचान करने में मदद की है, बल्कि गरीब परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को भी काफी कम किया है।
रोगों की पहचान: एनीमिया और डायबिटीज के सर्वाधिक मामले
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जांच के दौरान अब तक 8.69 लाख से अधिक रोगों की पहचान की गई है। आंकड़ों का विश्लेषण करें तो सबसे अधिक 34.38% (2.99 लाख मरीज) मामले सामने आए। 15.35% लोगों में उच्च रक्तचाप पाया गया। 12.09% लोग मधुमेह से पीड़ित मिले। हृदय रोग, कैंसर और टीबी के मरीजों की भी शुरुआती पहचान कर इलाज शुरू किया गया है।
70+ बुजुर्गों के लिए खुलेगा योजना का द्वार
अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि 21 अप्रैल 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, यह योजना अब विस्तार की ओर है। सरकार अब 3 लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों और 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना में शामिल करने की तैयारी कर रही है, चाहे उनकी पारिवारिक आय कितनी भी हो।
अस्पताल से घर-घर तक पहुंची जांच
यह कार्यक्रम केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं है। प्रदेश भर में 2,000 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से और मोबाइल मेडिकल यूनिट्स, आंगनबाड़ी केंद्रों व स्कूलों में कैंप लगाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।

