ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा को लेकर प्रशासन मुस्तैद, डीसी और एसपी ने किया सिंघेश्वर मंदिर का दौरा

नूंह में 3 अगस्त को होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा की तैयारियां तेज। डीसी और एसपी ने सिंघेश्वर मंदिर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
 
सिंगेश्वर मंदिर नूंह

नूंह: सावन माह की शुरुआत होने वाली है. वहीं, 3 अगस्त को सावन का पहला सोमवार है. नूंह में 3 अगस्त से ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. इसे लेकर रविवार को उपायुक्त अखिल पिलानी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने सिंगार गांव स्थित सिंघेश्वर मंदिर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया. इसी मंदिर में शोभायात्रा का समापन होगा. अधिकारियों ने मंदिर परिसर, यात्रा मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया.

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस: निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की. यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और अन्य आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं. प्रशासन लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके.

"श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता": नूंह के पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि, "मंदिर प्रबंधन समिति, पीस कमेटी और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं. नूंह जिले के लोगों का यात्रा को लेकर भरपूर सहयोग मिल रहा है. सभी समुदायों में उत्साह और उल्लास का माहौल है. हमारा प्रयास है कि इस वर्ष यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो तथा नूंह पूरे देश के लिए सामाजिक सद्भाव का उदाहरण बने."

अफवाहों से बचने और सहयोग की अपील: उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए. प्रशासन ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे की भावना के साथ शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है. यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं.