DSP Abhimanyu Lohan Updates: रॉन्ग साइड भागने के दौरान बोलेरो कैंपर से हुई टक्कर, डीएसपी ने आरोपों को बताया निराधार

हरियाणा के नूंह में केएमपी एक्सप्रेसवे पर गोतस्करों की गाड़ी बोलेरो कैंपर से टकराई; एक की मौत व तीन घायल, पुलिस और घायलों के अलग-अलग दावे।
 
Ertiga Bolero collision news

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में गोतस्करों की गाड़ी कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर टकरा गई। इस हादसे में एक गोतस्कर की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

🚓 पुलिस को मिली सूचना और पीछा करने के दौरान हुई टक्कर

पुलिस के अनुसार थाना मोहम्मदपुर अहीर इलाके में सुबह करीब 5:30 बजे केएमपी एक्सप्रेसवे पर अर्टिगा गाड़ी में चार गोतस्कर गाड़ी से धुलावट में गाय उतार रहे थे, जिसकी सूचना सीआईए नूंह को मिली। इसके बाद सीआईए नूंह की टीम ने इनका पीछा किया। पुलिस को देखकर गोतस्कर गाड़ी को रॉन्ग साइड मानेसर की तरफ लेकर भागने लगे। इसी दौरान गौयला गांव के पास अर्टिगा गाड़ी की टक्कर बोलेरो कैंपर से हो गई, जिससे अर्टिगा में सवार चारों गोतस्करों को चोट लगी।

🏥 हादसे में हुई मौत; घायल आरोपी ने लगाए आरोप

हादसे में मुस्तफा पुत्र मोरमल निवासी पल्ला की मौत हो चुकी है, जिसका शव सीएचसी नूंह में है। वहीं अखलाक पुत्र असगर निवासी पल्ला का इलाज न्यू एरा हॉस्पिटल पढ़ेनी में चल रहा है, जबकि आसिफ पुत्र जुम्मा निवासी पल्ला और इकबाल निवासी मनाकी का इलाज ग्लोबल हॉस्पिटल तावडू में चल रहा है। घायलों में एक आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके सिर में करीब 25 टांके आए हैं। पुलिस के अनुसार एक गाय जीवित मिली है और एक गाय मर चुकी है। घायल गोतस्कर आसिफ का दावा है कि पुलिस की थ्योरी पूरी तरह गलत है। उनके वाहन को गौ रक्षा दल की टीम से जुड़े लोगों ने घेरकर टक्कर मारी है, जिससे सीधी टक्कर हुई और जिसमें उनके साथी की मौत हुई है। उनका कहना है कि उनसे कोई गोवंश बरामद नहीं हुआ है और वह निष्पक्ष जांच चाहते हैं।

👮 पीछा करने के दौरान हादसा हुआ; डीएसपी ने आरोपों को बताया निराधार

इस मामले को लेकर तावडू डीएसपी अभिमन्यु लोहान का कहना है कि गोतस्करों का नूंह सीआईए की टीम द्वारा पीछा करने के दौरान यह हादसा हुआ था। इस मामले में मोहम्मदपुर अहीर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मृतक मुस्तफा पर दो मुकदमे, इकबाल पर सात और आसिफ पर पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उनकी और आपराधिक गतिविधि की जांच की जा रही है। इन पर सरकारी कार्य में बाधा, गोकशी, अवैध हथियार जैसे मामले दर्ज पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि गोतस्करी जैसे अपराध को लेकर पुलिस गंभीर है और पुलिस की थ्योरी को गलत बताने के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। पुलिस मामले में गंभीर रूप से जांच में जुटी हुई है।