नूंह: मेवात विकास संकल्प रैली में सीएम सैनी का स्वागत, करोड़ों की सौगात

नूंह के पुन्हाना में मेवात विकास संकल्प रैली का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बुलडोजरों से फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया और कई मांगें रखी गईं।

 
bulldozer flower welcome CM Saini

नूंहः मेवात विकास संकल्प रैली में शामिल होने के लिए पुन्हाना पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रैली स्थल पर पहुंचते ही हाथ हिलाकर नूंह की जनता का अभिवादन और आभार व्यक्त किया. मुख्यमंत्री का स्वागत जोरदार नारों और फूलों की वर्षा के बीच हुआ.

बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी: मुख्यमंत्री के साथ उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, राजस्थान के कामां से विधायक चौधरी नोक्षम और पूर्व खेल मंत्री कंवर संजय सिंह भी मौजूद रहे. रैली स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई है.

7 बुलडोजरों से फूलों की वर्षा: प्रशासन और भाजपा संगठन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली थी. वहीं कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का 7 बुलडोजरों से फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया. सीएम ने नूंह मेवात को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी दी.

सीएम के सामने रखी गई कई मांगेंः रैली के आयोजक जावेद एडवोकेट ने कहा कि "इस रैली में मेवात यूनिवर्सिटी, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर मरोड़ा गांव में कट, गुरुग्राम-अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग 248ए को फोरलेन बनाने के अलावा नए कॉलेज, स्कूलों को अपग्रेड करने, बिजली घर के अलावा बहुत सारी मांगे इस मेवात विकास संकल्प रैली के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने रखी गई."