नूंह: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुलिस मुठभेड़, एक गो-तस्कर को लगी गोली

नूंह में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़। नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्करों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल। जानें पूरा मामला।

 
हरियाणा पुलिस गो-तस्कर

नूंह : हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस और गो-तस्करों के बीच देर रात एक सनसनीखेज मुठभेड़ (Encounter) का मामला सामने आया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्करों का जब सीआईए (CIA) टीम ने पीछा किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक गो-तस्कर के पैर में गोली लगी है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।

 नाकाबंदी तोड़कर एक्सप्रेसवे पर दौड़ा दी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, पुन्हाना सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप गाड़ी में गोवंश को बेरहमी से लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी कर गाड़ी को रोकने का इशारा किया। लेकिन, पुलिस को देखकर गो-तस्करों ने रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड्स तोड़ते हुए भागने लगे।


पुलिस टीम ने तस्करों का पीछा किया। खुद को घिरता देख पुन्हाना सीआईए की बाडी कोठी के पास तस्करों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गो-तस्कर के बाएं पैर में गोली लग गई और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस की गोली से घायल हुए गो-तस्कर की पहचान असलम (पुत्र इब्राहिम) के रूप में हुई है, जो मांदोसर, मध्य प्रदेश (MP) का निवासी है।


अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने घायल गो-तस्कर असलम को इलाज के लिए शाहिद हसन खां मेडिकल कॉलेज, नल्लहड (नूंह) में भर्ती कराया है, जहां भारी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।