नूंह मुठभेड़: पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो गौ तस्कर घायल, पिकअप बरामद
नूंह के तावडू रोड पर पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़। सीआईए की जवाबी फायरिंग में नफीस और मुबारक नामक दो तस्कर घायल। मौके से दो गोवंश और पिकअप गाड़ी बरामद।
नूंह: गुरुवार सुबह नूंह पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई. तावडू रोड स्थित पहाड़ इलाके में रिपीटर नाका के पास हुई इस मुठभेड़ में दो गौ तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए. जिसके बाद पुलिस ने उनको हिरासत में लेकर इलाज के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया. नूंह पुलिस के मुताबिक घायलों की पहचान नफीस और मुबारक के रूप में हुई है.
नूंह पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़: नूंह पुलिस के मुताबिक सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गोवंश को राजस्थान की ओर तस्करी के लिए ले जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने तावडू रोड पर नाकाबंदी की. इस दौरान पुलिस को वाहन आता दिखाई दिया. पुलिस की टीम ने जब वाहन को रोकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल: नूंह पुलिस का कहना है कि "सीआईए प्रभारी संदीप मोर ने पहले चेतावनी स्वरूप हवाई फायरिंग की और आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन जवाब में फिर से फायरिंग की गई. इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की. जिसके चलते दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वो घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है."
सीआईए प्रभारी संदीप मोर ने बताया कि "मौके से दो गोवंश और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है. फिलहाल नूंह सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस ये भी पता लगा रही है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से कितने मुकदमे दर्ज हैं और उनका आपराधिक रिकॉर्ड क्या रहा है."

