नूंह सड़क हादसा: पुन्हाना में कार ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत
नूंह के पुन्हाना में दर्दनाक हादसा। तेज रफ्तार आई-20 कार की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल। पुलिस ने कार कब्जे में ली।
नूंह : जिले के पुन्हाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार ख्वाजलिक निवासी फकरू पुत्र फजरू अपनी मां समीना व पत्नी नूरजहां के साथ बाइक पर सवार होकर सिकरावा से पुन्हाना की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक पुन्हाना पहुंचने से पहले ईंट भट्टे के समीप पहुंची, तभी तेज रफ्तार आई-20 कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि फकरू और उसकी मां समीना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी नूरजहां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल महिला को उपचार के लिए शहीद हसन खान मेडिकल कॉलेज नल्हड़ रेफर किया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल आई-20 कार को मौके से बरामद कर थाने पहुंचा दिया है। हालांकि कार चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि परिवार में मृतक फकरू ही कमाने वाला था जिसके सिर से पिता का साया पहले ही उठ चुका था अब परिवार को संभालने वाला कोई नहीं है।

