Haryana Rail Corporation Land Acquisition Updates: काम रोका गया, भरपाई व जमीन अधिग्रहण का आश्वासन; ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
नूंह: हरियाणा के तावडू उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत सहसोला से गुजर रही ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना की निर्माणाधीन टनल में छठी बार धसाव का मामला सामने आया है और अब यह धसाव आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ता गया है। छठी बार रविवार सुबह हुआ अचानक धसाव आबादी क्षेत्र में हुआ है, मकान में बड़ी दरारें आ गई हैं, ग्रामीण पूरी तरह से डरे हुए हैं और मकान को ताला लगाकर खुले में सोने को मजबूर हैं। वहीं प्रशासन और रेलवे प्रशासन के सामने भी यह बड़ी चुनौती बन गई है, तो ग्रामीणों ने भी और स्थानीय लोगों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से जल्द सुरक्षा के बड़े कदम उठाने की गुहार लगाई है।
🏡 घरों में ताला लगाकर खुले में सो रहे लोग
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बताया गया कि रविवार सुबह अचानक जोरदार धमाके की आवाज आई, इसके बाद लोग घरों से बाहर निकलकर आए, फिर उन्होंने आसपास देखा तो पता लगा कि मकान के आसपास खेतों में बड़े गड्ढे बन गए हैं, गहरी धसाव हो गई थी। इसके बाद अपने स्तर पर ग्रामीणों ने अपने मकान देखे तो उनके सभी के मकान में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं। आनन-फानन में ग्रामीणों ने घर का जरूरी सामान निकालना शुरू कर दिया और घरों में ताला लगा दिया। कुछ ग्रामीणों ने पहले से ही खतरे को भांपते हुए घरों में ताला जड़ दिया था और सामान निकालकर झुग्गी-झोपड़ी लगाकर खुले में सो रहे थे, जबकि कुछ किराए पर अपने पशुओं के लिए मकान किराए पर लेकर रह रहे हैं। पशुपालकों को बड़ी परेशानी हो गई है।
⚠️ गैस पाइपलाइन को नहीं पहुंचा नुकसान
सुबह होते-होते रेलवे विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, बड़े अधिकारियों को भी इसकी सूचना मिल गई, जिन्होंने अपने स्तर पर जानकारी ली। हालांकि इस बार गैस पाइपलाइन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन टनल धसाव का एक बड़ा हिस्सा अब धीरे-धीरे और गहरा होता जा रहा है। प्रशासन की ओर से लगाई गई बैरिकेड को पार करते हुए इस बार धसाव मकान तक पहुंच गया है। बच्चे और पशुपालक पूरी तरीके से भयभीत हैं और डरे हुए हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बड़े स्तर पर पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है और उन्होंने कहा कि वन विभाग ने पेड़ों के नुकसान को लेकर मौके पर कोई निरीक्षण नहीं किया है। वन विभाग से ग्रामीणों की मांग है कि वह भी इस पर अपनी एक रिपोर्ट बनाएं और पेड़ों के नुकसान को लेकर सही आकलन करें।
🛠️ "किसानों की भरपाई हो जाएगी"
इस मामले को लेकर हरियाणा रेल कॉरपोरेशन विभाग के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी राजीव निरंजन ने कहा कि जमीन में टनल की जगह लगातार हादसे के बाद जमीन का नीचे का संतुलन बिगड़ा हुआ है, जिसके चलते बार-बार धसाव हो रहा है, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। विभाग की ओर से पहले भी जरूरी कदम उठाए गए थे। अब और भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। वहीं उन्होंने कहा कि किसानों की भरपाई हो जाएगी, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है और जो भी प्रभावित किसान हैं, उनके मकान सहित सभी का निरीक्षण और मार्किंग लगभग की जा चुकी है। फिर भी इसके अलावा भी जरूरी सुरक्षा के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, किसानों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। फिलहाल काम रुका हुआ है और जहां पर टनल की शुरुआत हो रही थी, वहां पर मिट्टी भराव कर दी गई है और काम को रोक दिया गया है। नए डिजाइन और विशेषज्ञ जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही टनल के निर्माण की आगे की योजना बनाई जाएगी।
📢 "धीमी गति से चल रहा जमीन अधिग्रहण"
प्रभावित ग्रामीण अली मोहम्मद, सद्दाम, मुबीन, ताहिर व जकरिया आदि ने बताया कि प्रशासन की लापरवाही है, ग्रामीणों को कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया जा रहा है, जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया बहुत धीमी गति से चल रही है और उन्हें कोई ठोस आश्वासन भी नहीं दिया गया है। यदि जिस प्रकार से जमीन में लगातार धसाव हो रहा है और अब आबादी क्षेत्र में बढ़ रहा है, इससे वह डरे हुए हैं और यदि कोई बड़ा हादसा होता है तो इसके लिए प्रशासन सीधे तौर पर जिम्मेदार होगा।