नूंह में जमीन में जिंदा दफनाया स्टंटमैन, 36 घंटे बाद निकला शव; 7100 रुपये के चक्कर में गई जान

हरियाणा के नूंह में ट्रैवलिंग बाइसिकल सर्कस के दौरान जिंदा दफनाए गए 27 वर्षीय स्टंटमैन दीपक की दम घुटने से मौत हो गई। लापरवाही और देरी पर पुलिस ने जांच शुरू की है।

 
नूंह पुलिस कार्रवाई

नूंह : हरियाणा के नूंह जिले के तावडू उपमंडल के गांव खोरी कला में एक खतरनाक स्टंट के दौरान 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। पिछले सप्ताह आयोजित एक ट्रैवलिंग बाइसिकल सर्कस में युवक को ज़मीन के अंदर जिंदा दफनाने का प्रदर्शन किया गया था। दावा किया गया था कि उसे 24 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा, लेकिन कथित लापरवाही के चलते युवक को करीब 36 घंटे बाद बाहर निकाला गया, तब तक उसकी दम घुटने से मौत हो चुकी थी।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान फरीदाबाद जिले के गौंची गांव निवासी दीपक के रूप में हुई है। वह ट्रैवलिंग बाइसिकल सर्कस के आयोजकों में शामिल था। खोरी कला गांव के एक खाली प्लॉट में पिछले सात दिनों से साइकिल स्टंट सर्कस का आयोजन चल रहा था, जिसमें दीपक विभिन्न रोमांचक करतब दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन करता था। वह हैंडलबार पर संतुलन बनाना, बिना आगे देखे साइकिल चलाना और चलती साइकिल पर सीधे खड़े होकर स्टंट करने जैसे करतब प्रस्तुत करता था।

कार्यक्रम के अंतिम दिन दीपक को एक विशेष रूप से खोदे गए गड्ढे में बोरी के अंदर उतारकर ऊपर से मिट्टी डाल दी गई। आयोजकों ने दर्शकों से कहा कि उसे 24 घंटे बाद जीवित बाहर निकाला जाएगा। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीपक को तय समय पर नहीं निकाला गया और वह करीब 36 घंटे तक ज़मीन के अंदर ही दबा रहा।

प्रत्यक्षदर्शी संचित सिंह ने बताया कि सर्कस के दौरान लोगों से यह भी कहा गया कि जब तक 7,100 रुपये की राशि एकत्र नहीं होगी, तब तक दीपक को बाहर नहीं निकाला जाएगा। इसी कारण उसे तय समय से काफी देर बाद बाहर निकाला गया। जब गड्ढा खोला गया तो दीपक मृत अवस्था में मिला। आशंका है कि लंबे समय तक ज़मीन के अंदर रहने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई।


घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक हादसे ने ऐसे खतरनाक स्टंटों की सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक को समय पर बाहर क्यों नहीं निकाला गया तथा इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की क्या भूमिका रही।