Nuh Palwal News Today: सगुप्ता और मासूम जुहान की मौत से मेवात में रोष, परिजनों ने की मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की मांग
नूंह: हरियाणा के पलवल जिले में दहेज के लिए विवाहिता और उसके महज डेढ़ माह के बेटे की हत्या का मामला सामने आया है. घटना थाना सदर पलवल क्षेत्र के गांव रजपुरा की है. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर स्कॉर्पियो कार की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने और मां-बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद मेवात क्षेत्र में रोष है.
2023 में हुई थी शादी: दरअसल, मामले में नूंह जिले के गांव सलम्बा निवासी रौनक अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साल 2023 में उनकी बेटी सगुप्ता की शादी रजपुरा निवासी सोहिल पुत्र यकीन के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था. परिजनों के मुताबिक सगुप्ता पर स्कॉर्पियो कार लाने का दबाव बनाया जाता था और इसी को लेकर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी.
बेटे के जन्म के बाद फिर बढ़ी कार की मांग: शिकायत के अनुसार सगुप्ता ने एक बेटी के बाद करीब डेढ़ माह पहले बेटे जुहान को जन्म दिया था. आरोप है कि बेटे के जन्म के बाद ससुराल वालों ने दोबारा कार की मांग शुरू कर दी. 15 अगस्त को कथित रूप से मारपीट कर सगुप्ता को मायके छोड़ दिया गया. इसके बाद रिश्तेदारों ने समझौता कराया.
AC और 50 हजार रुपये देकर भेजा था ससुराल: परिजनों के अनुसार गांव रिठौड़ा निवासी सगुप्ता के मामा पक्ष के जमशेद, अकरम और राशिद ने दोनों पक्षों को समझाया. इसके बाद 17 अगस्त को सगुप्ता को एक AC और 50 हजार रुपये देकर वापस ससुराल भेजा गया. परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ.
फोन पर बताई थी मारपीट की बात: परिजनों के मुताबिक 18 अगस्त को सगुप्ता ने फोन कर बताया था कि ससुराल में उसके साथ फिर मारपीट की जा रही है. इसके दो दिन बाद 20 अगस्त की सुबह मायके वालों को सूचना मिली कि सगुप्ता और उसके डेढ़ माह के बेटे की मौत हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
चारपाई पर मिले मां और बेटे के शव: पुलिस के अनुसार गांव रजपुरा स्थित कमरे में मां और बच्चे के शव चारपाई पर मिले. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पलवल भेजा. मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम और डीएसपी मुख्यालय भी पहुंचे. पुलिस के अनुसार मृतका का पति सोहिल भी छत से कूदकर घायल हुआ है.
11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज: मृतका के पिता की शिकायत पर पति सोहिल, सास अफसाना, ससुर यकीन, देवर अरबाज, ननद जिया समेत कुल 11 नामजद लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
पिता ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग: मृतका के पिता रौनक अली ने कहा कि, "मेरी बेटी को दहेज के लिए लगातार परेशान किया गया. हमने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरकार बेटी और उसके छोटे बच्चे की जान चली गई. आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए." मृतका के चाचा अबरार ने कहा कि, "परिवार ने समझौते के लिए बहुत प्रयास किए थे. सगुप्ता को वापस ससुराल भेजा गया, लेकिन इसके बाद यह घटना हो गई. आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है."
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश: वहीं, ग्रामीण हाजी हारून ने कहा, "यह बेहद दुखद और गंभीर घटना है. मां और मासूम बच्चे की मौत से पूरे इलाके में रोष है. मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो." इसके साथ ही रिश्तेदार जसर खान ने कहा, "परिवार चाहता है कि पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाए, जिसमें महिला डॉक्टर भी शामिल हों और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी हो. इससे परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा मिलेगा." बता दें कि पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.