पलवल: शादी वाले घर में खूनी संघर्ष, बदमाशों ने की फायरिंग और तोड़फोड़, दूल्हे के भाई को लगी गोली

पलवल के फिरोजपुर गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने घर में घुसकर फायरिंग कर दी। हमले में दूल्हे के भाई नितिन को गोली लगी है और गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 
Haryana Police Palwal News

पलवल : पलवल के फिरोजपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते शादी वाले घर में देर रात हमला कर दहशत फैला दी गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और फायरिंग की। इस दौरान नितिन पुत्र अजीत सिंह के जांघ में गोली लग गई।

घर पर खड़ी कई गाड़ियों में भी की तोड़-फोड़

इधर घटना के बाद घायल नितिन को तुरंत पलवल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब दो घंटे के ऑपरेशन के बाद जांघ में फंसी गोली को बाहर निकाला। फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने नामजद व अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप है कि हमलावरों ने घर पर खड़ी कई गाड़ियों में भी कुल्हाड़ी, फरसा व अन्य हथियारों से तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को घायल नितिन की बहन की शादी होनी है। शादी से एक दिन पहले 29 अप्रैल की रात हल्दी कार्यक्रम के बाद परिवार व रिश्तेदार घर पर आराम कर रहे थे, तभी यह वारदात हुई, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।