पलवल: हथीन मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो नाले में गिरने से मौत
पलवल के हथीन मोड़ पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर नाले में गिरी। हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा घायल। स्थानीय लोगों ने की मदद।
पलवल : पलवल में हथीन मोड़ के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि हादसे में घायल दूसरे युवक को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। गंभीर चोटों के चलते उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा उस समय हुआ जब काले रंग की नई स्कॉर्पियो कार सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गंदे नाले में जा गिरी। जिसे हाइड्रा की मदद से बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा लगभग सवा बारह बजे का है। काले रंग की इस स्कॉर्पियो में दो युवक सवार थे। जैसे ही हादसा हुआ हादसे के बाद मौके पर राहगीर व आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। प्रत्यक्षदर्शी वाहिद और विजय ने बताया कि विजय ने अपनी जान की परवाह किए बिना कीचड़ और गंदे पानी से भरे नाले में उतरकर पत्थर की मदद से स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ा और अंदर फंसे युवक को बाहर निकालने में मदद की। इससे पहले भी उन्होंने दूसरे युवक को बाहर निकलने में सहारा दिया था।
बताया जा रहा है कि एक युवक को हादसे के बाद मौके से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गेलपुर निवासी करीब 35 वर्षीय कुलदीप पुत्र रघुनाथ सिंह के रूप में हुई है। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। मृतक के भाई तेजल ने बताया कि कुलदीप अपने दोस्तों के साथ किसी काम से हथीन गया था और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। उन्होंने बताया कि कुलदीप उनका सबसे छोटा भाई था। हादसे की सूचना मिलते ही रात में ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गए।
जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो और उसमें सवार युवकों को बाहर निकाला गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम और आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे की खबर जैसे ही गेलपुर गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

