Palwal News: लिफ्ट मांगकर ट्रक ड्राइवर को बनाया बंधक, ₹20 हजार और ट्रक लूटा; नूंह के 2 लुटेरे गिरफ्तार

पलवल NH-19 पर ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार। नूंह के रहने वाले साद और इरसाद ने लिफ्ट मांगकर वारदात को दिया था अंजाम। 3 दिन का रिमांड।

 
Haryana Highway Crime News Today

पलवल : पलवल के नेशनल हाईवे-19 पर लिफ्ट देने के बहाने एक ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर उससे कैश और ट्रक लूटने का मामला में पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नूंह जिले के फरदड़ी गांव निवासी साद और खेड़ी कंकर निवासी इरसाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है।

 होडल थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि नूंह जिले के रवा गांव निवासी ट्रक ड्राइवर मोहम्मद जैद ने पुलिस को शिकायत दी थी। जैद के अनुसार, 7 मई की रात करीब 8 बजे वह अपनी गाड़ी लेकर कोसीकलां (यूपी) से पलवल की ओर आ रहा था। करमन टोल प्लाजा के पास 3 युवकों ने होडल जाने के लिए उससे लिफ्ट मांगी। जैद ने तीनों को ट्रक में बिठा लिया। गाड़ी में बैठते ही युवकों ने ड्राइवर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी आंख और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप लगाकर ट्रक में पटक दिया। इसके बाद उन्होंने ट्रक में रखे 20 हजार रुपए भी लूट लिए और ट्रक को नूंह रोड की तरफ ले गए। रास्ते में उंटावड़ से आगे एक होटल पर आरोपियों ने खाना खाने के लिए ट्रक रोका। इसी दौरान घायल जैद ने बाहर मौजूद लोगों को इशारा किया। होटल कर्मियों और वहां मौजूद भीड़ ने जब ड्राइवर की हालत देखी, तो तुरंत उसे ट्रक से नीचे उतारा। इस बीच, तीनों बदमाश ट्रक लेकर मौके से फरार हो गए।

होडल थाना पुलिस ने मोहम्मद जैद की शिकायत पर केस दर्ज कर एएसआई साहुद अहमद के नेतृत्व में जांच शुरू की। पुलिस ने ब्लाइंड लूट के इस मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों साद और इरसाद को गिरफ्तार किया है। तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।