Panchkula Crime News: सेक्टर-11 अलिफ लैला क्लब फायरिंग मामले में एटीएस की एंट्री, गैंग के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच शुरू

पंचकूला के अलिफ लैला नाइट क्लब फायरिंग मामले में पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने। जांच एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) को ट्रांसफर।
 
Pakistan terror link Panchkula

पंचकूला: पंचकूला सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला नाइट क्लब में पिछले दिनों हुए फायरिंग मामले के तार पाकिस्तान से जुड़े पाए गए हैं. ऐसे में आगामी जांच की जिम्मेदारी एंटी टेररिस्ट स्कवायड को सौंप दी गई है. जबकि इससे पहले इस मामले की जांच पंचकूला क्राइम ब्रांच-19 की टीम कर रही थी.

पाकिस्तान से जुड़े कनेक्शन: क्राइम ब्रांच ने जांच में पाया कि गिरफ्तार आरोपियों के कनेक्शन पाकिस्तान से जुड़े हैं. जांच में सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान व अन्य देशों में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर हरियाणा-पंजाब में बतौर ड्रग्स ट्रांजिट काम कर रहे थे. इसके लिए उन्हें टेरर फंडिंग भी की जा रही थी. इस खुलासे के बाद उच्च पदस्थ अधिकारियों ने आगामी जांच की जिम्मेदारी विशेष रूप से गठित एटीएस को सौंपी.

विदेश में बैठा आका और आरोपी हैं जानकार: इस बारे में क्राइम ब्रांच इंचार्ज ने बताया कि, "मामले में गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे अपने आका "गुरी" के आदेश से पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते भेजी जाने वाली नशे की खेप को ट्रांजिट करते थे. इसके एवज में आरोपी बताए गई जगहों से पैसों को भी यहां-वहां करते रहे. आरोपी और विदेश में बैठा उनका आका गुरी पंजाब के जिला फिरोजपुर के रहने वाले हैं. पुलिस जांच के अनुसार एक-दूसरे को पहले से जानते होने के कारण टेरर फंडिंग, हवाला नेटवर्क और ड्रग्स के इस अवैध धंधे को सभी अपने नेटवर्क के जरिए पंजाब-हरियाणा में चलाते रहे हैं. मामले में पुलिस जांच ने उस समय तेजी पकड़ी, जब फायरिंग के मुख्य आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू को पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार किया गया. उस दौरान आरोपी के कब्जे से तुर्की मेड जिगाना पिस्टल, आठ कारतूस और वारदात में इस्तेमाल XUV-500 गाड़ी बरामद हुई.

फिरोजपुर से कनेक्शन: क्राइम ब्रांच की मानें तो आरोपी से जिगाना पिस्टल की बरामदगी के बाद पुलिस ने जांच को तेज किया. हथियार और कारतूसों की बरामदगी के बाद आरोपियों के नेटवर्क पर फोकस किया गया. इस दौरान पुलिस जांच सीमा पार पाकिस्तान तक जा पहुंची. ऐसे में पुलिस ने टेरर और हवाला गतिविधियों पर जांच आगे बढ़ाई. इस दौरान जांच में सामने आया कि गुरप्रीत समेत तीनों आरोपी पाकिस्तान सीमा से लगे क्षेत्रों के रहने वाले हैं. ऐसे में मामला एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) को ट्रांसफर होने पर अब देश के लिए खतरा पैदा करने वाले संगठनों पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स की टीम आरोपियों के नेटवर्क की जांच में जुटी है. आगामी जांच में गिरोह से जुड़े लोगों और आरोपियों से बरामद हथियारों संबंधी जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

ड्रग्स मनी हवाला ऑपरेटरों तक पहुंचाई: शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त क्लब में फायरिंग करने के आरोपी किसी बड़े नेटवर्क के लिए बतौर ड्रग्स और मनी ट्रांजिट का काम करते रहे. चंडीगढ़, पंचकूला व मोहाली (ट्राईसिटी) के पब, क्लब और नशे की अवैध सप्लाई से इकट्ठा होने वाली 'ड्रग्स मनी' को वे अपने आका के कहने पर यहां-वहां करते थे, यानी कि आरोपी पैसों को हवाला ऑपरेटरों के जरिए विदेश में बैठे अपने आकाओं तक पहुंचाते थे.

इन तीन आरोपियों को पहले पकड़ा: आरोपियों में लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत और करनजीत सिंह, सभी पाकिस्तान की सीमा से लगने वाले पंजाब के फिरोजपुर के रहने वाले हैं. मुख्य आरोपी गुरप्रीत उर्फ काकू ने ही बीती 13 सितंबर की रात अलिफ लैला क्लब में गोलियों की गड़गड़ाहट से दहशत फैलाई थी. इस वारदात के बाद ही इस गैंग के जरिए ड्रग्स, हवाला और टेरर फंडिंग के इस नेटवर्क का खुलासा हो सका. इस मामले में हुए खुलासे के बाद अब पंचकूला पुलिस अन्य पब और क्लबों पर भी पूरी नजर बनाए हुए है. जांच एजेंसी हरियाणा-पंजाब समेत चंडीगढ़ के भी पब-क्लबों में विदेशी कनेक्शन पर नजर बनाए हुए है.

क्लब में हुई थी फायरिंग: दरअसल, पंचकूला सेक्टर-11 स्थित 'अलिफ लैला' नाइट क्लब में बीती 13 सितंबर की रात तीन युवकों ने फायरिंग की. क्लब में डांस करने पहुंचे तीनों युवकों में कहासुनी हो गई, जिस दौरान एक युवक ने नशे में दो फायर कर दिए. इससे वीडियो शूट करने आई एक लेडी ब्लॉगर छर्रा लगने से घायल हो गई. वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. यहां चंडीगढ़ निवासी अंजलि ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो सप्ताह से क्लब में अपनी अन्य तीन सहेलियों के साथ ब्लॉग बनाने का काम कर रही है. इसलिए वह रात करीब 11 बजे ब्लॉग बनाने पहुंची थी. रात करीब 12 बजे जब वह सीढ़ियों के पास वॉशरूम से बाहर निकली तो मेन गेट के पास कुछ लड़कों के बीच मारपीट होती देखी. इस कारण वह घबराकर सीढ़ियों पर ही रुक गई. उसी दौरान एक युवक ने कांच का गिलास फेंका, जो दीवार से टकराकर टूट गया और उसके कांच अंजलि की गर्दन पर जा लगे, जिससे उसे खून निकलने लगा.

युवती की पीठ पर लगी गोली: अंजलि ने बताया कि जैसे ही वह नीचे झुकने लगी, उसी दौरान बाहर से सफेद रंग की कमीज पहने एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर अंदर पहुंचा. उसने अचानक क्लब के गेट के पर दो फायर दाग दिए, इनमें से एक गोली दीवार से टकराकर अंजलि की पीठ पर लगी. क्लब के शेफ ने घायल अंजलि को अस्पताल पहुंचाया. वहीं, भीड़ ने तीन आरोपियों को मौके पर काबू कर उनकी पिटाई की. क्लब में मौजूद भीड़ ने तीनों युवकों को मौके पर काबू कर पुलिस को सूचना दी. सेक्टर-10 चौकी के पुलिसकर्मियों और डायल-112 के पुलिसकर्मियों ने भीड़ से तीनों आरोपियों को छुड़वाया और फिर उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया. आरोपियों को भीड़ की पिटाई से चोटें आई और मेडिकल जांच में उनके नशे में होने की पुष्टि भी हुई.