पंचकूला में ₹1 करोड़ की हेरोइन जब्त, पूर्व कबड्डी खिलाड़ी रशपाल गिरफ्तार

पंचकूला क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी! रायपुररानी रोड पर बोलेरो से 538 ग्राम हेरोइन बरामद। ₹1.05 करोड़ की नशीली खेप के साथ पूर्व कबड्डी खिलाड़ी गिरफ्तार। जानें पूरी रिपोर्ट।

 
पूर्व कबड्डी खिलाड़ी अरेस्ट

पंचकूला: पंचकूला की क्राइम ब्रांच सैक्टर-26 टीम ने इंचार्ज दलीप सिंह की अगुवाई में रायपुररानी-नारायणगढ़ रोड पर स्थित गांव प्यारेवाला के पास घेराबंदी कर पंजाब के जिला तरनतारन निवासी आरोपी रशपाल सिंह उर्फ लाली को बोलेरो गाड़ी सहित दबोचा। तलाशी दौरान गाड़ी में 538 ग्राम हैरोइन बरामद की गई जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए आंकी गई है। थाना रायपुररानी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ए.सी.पी. क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में संलिप्त है और पंजाब से हैरोइन लाकर पंचकूला क्षेत्र में सप्लाई करता था। आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन का रिमांड हासिल किया था। आगे की पूछताछ के लिए दोबारा

अदालत में पेश कर 4 दिन का रिमांड लिया है ताकि उसके मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके। आरोपी पहले राज्य स्तर का कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुका है और उसके खिलाफ पंजाब में 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने मुख्य सप्लायर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।