पंचकूला 'दिशा' बैठक: सांसद वरुण चौधरी ने विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

सांसद वरुण चौधरी ने पंचकूला में 'दिशा' कमेटी की बैठक में 90 विकास कार्यों की समीक्षा की। जन औषधि केंद्र, एंबुलेंस और पेयजल समस्या पर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

 
पंचकूला जिला प्रशासन

पंचकूला: अंबाला से सांसद वरुण चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी कमेटी (दिशा) की बैठक हुई. बैठक में 90 विकास कार्यों पर चर्चा की गई और अधिकारियों से फीडबैक भी लिया गया. सांसद ने कहा कि बैठक का मकसद केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना है.

'बिना देरी काम पूरा करें': लोकसभा सांसद ने लोक विश्राम गृह, सेक्टर-1 में अधिकारियों से कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सही व पात्र व्यक्ति तक पंहुचाना कमेटी का मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बिना विलंब किए तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जिलावासियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके. उन्होंने उपायुक्त सतपाल शर्मा को कहा कि सराहनीय व समय पर कार्य करने वाले अधिकारियों का नाम भी बैठक में लिया जाना चाहिए. उन्होने सभी विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के पर्चे या कैटलॉग जनप्रतिनिधियों को भिजवाने के निर्देश दिए, ताकि वेलोगों में इन योजनाओं का अधिक प्रचार-प्रसार कर सकें.

तीन एंबुलेंस लगाने के निर्देश: सांसद ने पंचायती राज के संबंधित अधिकारी को पहाड़ी क्षेत्र मोरनी की डिसपेंसरी में नया जैनसेट दस दिनों में स्थापित करवाने के निर्देश दिए. साथ ही उपायुक्त को जैनसेट की रिपोर्ट कमेटी को भेजने के निर्देश दिए. वहीं सीएमओ को तीन एंबुलेंस भी पहाड़ी क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए लगाने के निर्देश दिए.

'लोग जन औषधि केंद्रों से सस्ती दवाएं लें': सांसद ने जिले में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के बारे में विस्तार से संबंधित अधिकारी से फीडबैक लेकर जिले में अधिक जन औषधि स्टोर का टारगेट पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने जिलावासियों से भी अपील की कि जन औषधि केंद्र से दवाई खरीद कर धन की बचत करें. उन्होंने बताया कि जन औषधि केंद्र खोलने का केंद्र सरकार की मंशा जनता को महंगी दवाइयां सस्ते दामों पर उपलब्ध करवाकर लाभ पंहुचाना है. उन्होंने सिविल सर्जन को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में स्थित जनऔषधि केंद्र को अस्पताल के मुख्य द्वार पर खोलने के निर्देश दिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सस्ती दवाईयों का लाभ मिल सके. उन्होंने सीएमओ को जनऔषधि केंद्र के समय को शाम तक बढ़ाने के लिए व जन औषधि केंद्र के साइन बोर्ड भी अस्पताल में लगाने के निर्देश दिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रचार व प्रसार हो सके. साथ ही अस्पताल में जन सुविधाएं भी अपडेट करने को कहा.

वेबसाइट पर अपलोड करें जानकारी: सांसद वरुण चैधरी ने कहा कि "सरकार की योजनाओं की जानकारी पंचकूला जिले की आधिकारिक वेबसाइट Panchkula.nic.in पर अपलोड करें व योजनाओं का प्रचार प्रसार करें, ताकि लोगों को योजनाओं की जानकारी मिले और वे उनका लाभ उठा सके." सांसद वरुण चैधरी ने जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता समीर शर्मा को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिस क्षेत्र में पेयजल की समस्या संज्ञान में आती हैं, उसे प्राथमिकता पर दूर किया जाए. जिलावासियों को पेयजल उपलब्ध करवाना प्राथमिकता होनी चाहिए.

अधिक रेट लेने वाले साइबर कैफे पर कार्रवाई: वरुण चैधरी ने कहा कि ऑनलाइन सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए खोले गए कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएचसी) पर सभी सर्विस की रेट लिस्ट चस्पा की जाए. उन्होंने कॉमन सर्विस सेंटरों की आड़ में लोगों से ज्यादा रेट लेने वाले साइबर कैफे को चिन्हित करने व उन पर कारवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का सपना है कि स्वच्छ भारत अभियान व इसके अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम सार्वजनिक स्थानों पर बने हुए शौचालयों के रखरखाव और नये निर्माण का कार्य भी जल्द किया जाए, ताकि लोगों को सुविधाएं मुहैया हो सके. उन्होंने शौचालय की अच्छे ढंग से साफ सफाई सुनिश्चित करने व इन शौचालयों के बाहर विज्ञापन लगाने के लिए कहा, ताकि नगर निगम की कमाई के साथ इन शौचालयों को साफ सुथरा भी रखा जा सके.

नए स्कूल, आंगनवाड़ी व शौचालय की मरम्मत के आदेश: सांसद ने उपायुक्त से कहा कि जो स्कूल किराए की जगह पर चल रहे हैं, उनको प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करके शिक्षा विभाग से तालमेल कर बनवाने के निर्देश दिए. उन्होंने माइनिंग क्षेत्र में पड़ने वाले स्कूलों व आंगनवाडी की मुरम्मत व लड़के लड़कियों के लिए अलग शौचालय बनवाने/उनकी मुरम्मत का कार्य खनन विभाग को जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए.

डीएपी की कमी ना रहे, रिपोर्ट दिखाने के निर्देश: सांसद ने सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारी को स्टोन पिचिंग, कॉज-वे का काम जल्द करवाने व पूरा होने के बाद इसकी फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा. उन्होंने कृषि विभाग को जिला के लोगों को आर्गेनिक खेती के बारे में जागरुक करने व सरकार की सब्सिडी योजनाओं के बारे में शिविर के माध्यम से जागरुक करने के निर्देश दिए, ताकि लोग आर्गेनिक खेती कर अपनी आय बढा सकें. उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से डीएपी के बारे में भी विस्तार से चर्चा कर कहा कि किसानों को डीएपी की कोई कमी नहीं रहना चाहिए.

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की ली जानकारी: कृषि विभाग के अधिकारी ने सांसद को बताया कि जिले में डीएपी भरपूर मात्रा में है, किसी किस्म की कोई कमी नही है. उन्होंने सांसद को आश्वस्त किया कि डीएपी की किसानों को कोई कमी नही आने दी जाएगी. उन्होंने डाक विभाग को सुकन्या समृद्वि योजना के बारे में ग्रामीण क्षेत्र में प्रचार प्रसार के लिए कहा, ताकि ग्रामीण आंचल के लोग भी डाकघर में खाते खुलवाकर सुकन्या समृद्वि योजना का लाभ ले सकें. सांसद ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में भी विभाग के अधिकारियों से चर्चा करते हुए इस पर किसानों की कम रूचि का कारण पूछा. कृषि विभाग को फसल बीमा योजना के प्रचार प्रसार कर किसानों को इस योजना का लाभ दिलवाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए.

सांसद राहत कोष के कार्य नहीं होने पर नाराजगी: सांसद वरुण चौधरी ने एमपी लैड में कार्य ना होने पर नाराजगी जताई. कहा कि गांव मीरपुर बख्शीवाला में श्मशान घाट में शैड बनाने के लिए पैसा दे दिया गया था लेकिन उसको बनाने के बजाय उसका बजट बढ़ाया, लेकिन काम क्यों नहीं हुआ. उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त को मामले की जांच व एमपी लैड के सभी कार्य जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए. उन्होंने हरियाणा रोडवेज के जीएम को रेलवे स्टेशन पंचकूला पर बसों की संख्या एक से अधिक करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को स्टेशन तक आवागमन करने में कोई परेशानी न हो.