पंचकूला: पुलिस टीम पर खनन माफिया का हमला, जिप्सी को मारी टक्कर, 4 गिरफ्तार
पंचकूला में अवैध खनन रोकने पहुंची पुलिस पर खनन माफिया ने ट्रैक्टर से जानलेवा हमला किया। सिपाही घायल। 4 आरोपी गिरफ्तार। जानें पूरा मामला।
पंचकूला: घग्गर नदी में अवैध खनन रोकने पहुंची पंचकूला पुलिस की टीम पर गुरुवार को जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी वाहन को ट्रैक्टर से टक्कर मारने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. दरअसल, पुलिस चौकी सेक्टर-25 की टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-28 स्थित घग्गर नदी के भीतर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा है. इस पर पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, जहां चार व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से खनन सामग्री भरते हुए मिले.
पुलिस पर पथराव कर फरार होने का प्रयास: डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि, "पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने पहले पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया और फिर ट्रैक्टर लेकर फरार होने का प्रयास करने लगे. पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपियों ने ट्रॉली में भरी खनन सामग्री रास्ते में गिरा दी. पुलिस ने जब ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की जान लेने के मकसद से पुलिस की जिप्सी को ट्रैक्टर से सीधी टक्कर मार दी."
जिप्सी क्षतिग्रस्त होने से सिपाही घायल: हादसे में जिप्सी के चालक द्वारा वाहन बचाने के प्रयास के बावजूद जिप्सी क्षतिग्रस्त हो गई. साथ ही सिपाही अंकित कुमार निवासी यमुनानगर वाहन से नीचे गिरने से घायल हो गया. घायल सिपाही अंकित को प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-32 जीएमसीएच, चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां फिलहाल वह उपचाराधीन है.
पूछताछ में आरोपियों का कबूलनामा:आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 121, 132, 221, 324(4) और माइनिंग एक्ट की धारा 21 के तहत थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच सेक्टर-25 चौकी में तैनात एएसआई सुनील कुमार द्वारा की जा रही है. मामले की जांच के दौरान आरोपी ट्रैक्टर चालक जसविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों गुरजीत सिंह उर्फ बबलू, दीपक और सोनू उर्फ बिहारी के साथ मिलकर घग्गर नदी में अवैध खनन करने की बात कबूल की. इसके अलावा पुलिस ने अवैध खनन में प्रयोग किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली, खनन उपकरण बरामद किए.
दो आरोपी चोरी व स्नेचिंग में नामजद:आरोपी के खुलासे के आधार पर सेक्टर-25 चौकी टीम ने इन्चार्ज रामू स्वामी की अगुवाई में पंजाब के गांव ककराली में दबिश देकर उसके तीनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया. गुरजीत सिंह, सोनू और जसविंद्र मोहाली के ककराली के रहने वाले हैं व दीपक सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी का रहने वाला है. आरोपी गुरजीत सिंह के खिलाफ पहले भी एक चोरी का मामला दर्ज है और जसविंद्र के खिलाफ पहले एक स्नैचिंग का मामला दर्ज है.
सलाखों के पीछे भेजे आरोपी: डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नही जाएगा. मामले की आगामी जांच जारी है. साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं चारों आरोपियों को आज न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है.

