Panchkula News Today: इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 में बड़ा हादसा, सेफ्टी उपकरणों के बिना क्रेन पर चढ़े 2 मजदूरों की गई जान

पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया में क्रेन पलटने से 4वीं मंजिल से गिरे दो कर्मचारियों की मौत। पुलिस जांच में जुटी।
 
पंचकूला पुलिस जांच

पंचकूला: पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 में गुरुवार दोपहर एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. दरअसल, दोनों कर्मचारी एक क्रेन से प्लॉट की चौथी मंजिल पर चढ़ाए जा रहे चेनसेट के साथ ही जोरदार तरीके से सड़क पर गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई. हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी दोनों को सेक्टर 6 सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरी जांच में उन्हें मृत घोषित किया गया.

मृतकों की पहचान: इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान बिहार के रहने वाला मनीष और हिमाचल प्रदेश निवासी नवीन के रूप में हुई है. पुलिस फिलहाल मृतकों के मूल आवास सहित उनके परिजनों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है. पुलिस ने मामले में क्रेन और प्लाट के मालिक से भी पूछताछ की. हालांकि इस हादसे की विस्तृत पड़ताल जारी होने के चलते फिलहाल तक कोई केस दर्ज नहीं किया जा सका है.

क्रेन का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा: पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार क्रेन से भारी भरकम चेनसेट को प्लॉट की चौथी मंजिल पर ले जाया जा रहा था. चेनसेट लगभग चौथी मंजिल के समय पहुंच ही गया था लेकिन उसी दौरान क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई. इसके साथ ही क्रेन पर रखा भारी चेनसेट और उसके साथ चौथी मंजिल के समीप से दोनों व्यक्ति जोरदार तरीके से सड़क पर जा गिरे, जिससे वे मौके पर ही बेसुध हो गए. हादसे से हुए शोर को सुनकर आसपास के लोग और अन्य कर्मचारी दौड़कर मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों व्यक्तियों को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा. हादसे की सूचना पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरी जांच में उन्हें मृत घोषित किया गया.

सेफ्टी उपकरणों के बिना थे दोनों कर्मचारी: शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार क्रेन से भारी भरकम चेनसेट को चौथी मंजिल पर चढ़ाने से पहले कर्मचारियों को कोई सेफ्टी उपकरण नहीं दिए गए थे. बचाव के लिए किसी अन्य प्रकार के उपाय भी नहीं किए गए थे. इस कारण जैसे ही संतुलन बिगड़ने से क्रेन सड़क पर पलटी, उसके साथ ही भारी-भरकम चेनसेट और दोनों कर्मचारी जोरदार तरीके से सड़क पर जा गिरे. फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है.