पंचकूला: कनाडा से लौटे NRI पर लाठी-रॉड से जानलेवा हमला, CCTV में कैद वारदात
पंचकूला के सेक्टर-4 में कार सवार 4 युवकों ने कनाडा से लौटे एनआरआई बलविंदर सिंह पर किया हमला। सिर और हाथ में गंभीर चोटें। पुलिस सीसीटीवी के जरिए जांच में जुटी।
पंचकूला: सेक्टर-4 स्थित हरिपुर में शनिवार की शाम कार सवार चार युवकों ने एक एनआरआई पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने एनआरआई पर लाठी, रॉड व धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें NRI गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल व्यक्ति की पहचान दिसंबर 2025 में कनाडा से पंचकूला आए बलविंदर सिंह के रूप में हुई है. वहीं, वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए.
पंचकूला में NRI पर जानलेवा हमला: घायल बलविंदर के अनुसार शाम करीब चार बजे वो घर के पास की एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर बैठा था. उस दौरान एक एसयूवी कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने गाड़ी से नीचे उतारकर बलविंदर पर लाठी, रॉड व धारदार हथियारों से हमला कर दिया. घायल ने आरोप लगाए हैं कि हमलावरों ने गोली भी चलाई, जो उनके दाहिने हाथ को छूकर निकल गई.
हमले में गंभीर रूप से घायल बलविंदर: बलविंदर के सिर, दोनों बाजुओं और पांव में चोटें आई हैं. पुलिस ने घायल बलविंदर को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल भर्ती कराया है, जहां उनके बयान दर्ज किए गए. पीड़ित ने पुलिस को उन पर हुए हमले के पीछे पारिवारिक संपत्ति विवाद और पूर्व में उन्हें धमकियां मिलने की बात कही है.
सीसीटीवी फुटेज में दिखे हमलावर: एनआरआई बलविंदर पर हुए इस हमले की 57 सेकेंड का एक वीडियो घटनास्थल के पास में ही लगे सीसीटीवी में कैद हुई है. इस सीसीटीवी फुटेज में सफेद रंग की महिंद्रा एसयूवी कार से चार युवक उतरते दिखाई दे रहे हैं. इनमें से एक हमलावर के हाथ में पिस्टलनुमा जैसा कोई हथियार भी दिखाई दे रहा है. जबकि अन्य हमलावरों के हाथों में अलग अलग हथियार दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने इस फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की तलाश के लिए छापामारी शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस वारदात के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और घायल से भी विस्तार से पूछताछ की, लेकिन शुरूआती जांच के आधार पर पुलिस ने घायल के गोली चलने के दावे पर संदेह जताया है. इसका कारण घायल की मेडिकल रिपोर्ट है. सेक्टर-5 थाना प्रभारी रूपेश चौधरी ने बताया कि "मेडिकल जांच रिपोर्ट में घायल के हाथ पर किसी धारदार हथियार से चोट लगना पाया गया है. सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ हमलावरों की तलाश के लिए गठित की गई विभिन्न पुलिस टीमें अपने अपने स्तर पर प्रयासरत हैं."

