पंचकूला में तेज रफ्तार कार ने मचाया तांडव, सीसीटीवी में कैद हुई घटना, चालक अरेस्ट

पंचकूला के सेक्टर-15 में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने मकान की दीवार और गेट तोड़कर दूसरी गाड़ी में टक्कर मारी। गनीमत रही कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। आरोपी गिरफ्तार।
 
सेक्टर 15 पंचकूला हादसा

पंचकूला: पंचकूला के सेक्टर-15 में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा हुआ. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, हादसे के दौरान हुए जोरदार शोर को सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और तुरंत पुलिस को सूचना दी. इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई.

दीवार तोड़ दूसरी गाड़ी में घुसी स्कॉर्पियो: दरअसल, यह हादसा सेक्टर 15 के रिहायशी क्षेत्र में बीते रविवार सुबह हुआ. एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो कार के चालक ने पहले सड़क से गुजर रही एक एरटिगा कार को टक्कर मारी और फिर स्कॉर्पियो कार लोहे के गेट, ग्रिल और सुरक्षा कक्ष को तोड़ते हुए एक मकान के बाहर खड़ी टोयोटा हाईराइडर में जा घुसी.

स्कॉर्पियो कार में सवार थे चार युवक: स्कॉर्पियो से हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईराइडर कार भी आगे जाकर मकान की बाउंड्री वॉल से टकराते हुए अंदर जा घुसी. इससे स्कॉर्पियो कर की तेज रफ्तार का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है. हादसे के समय स्कॉर्पियो कार में चार युवक सवार थे और गनीमत रही कि चारों सुरक्षित बच गए.

कपूरथला निवासी है स्कॉर्पियो कार चालक: मामले में सेक्टर-15 निवासी संदीप गोयल की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है. आरोपी की पहचान मनमीत सिंह निवासी बेगोवाल (कपूरथला, पंजाब) के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं इस हादसे की पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. इस फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले दीवार और ग्रिल को तोड़ती है, फिर गार्ड रूम को उखाड़ते हुए टोयोटा हाईराइडर कार से जा टकराई. इसके बाद हाईराइडर मकान की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसी.

युवकों पर नशे में होने के आरोप: मामले के शिकायतकर्ता संदीप गोयल के अनुसार तेज धमाके की आवाज सुनकर वह घर से बाहर निकले. इस दौरान मौके पर पंजाब नंबर (PB-09-AS-4329) की महिंद्रा स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी थी, जिसमें चार युवक सवार थे. उन्होंने शिकायत में आरोप लगाए कि चारों युवक शराब और नशीले पदार्थों के प्रभाव में थे, जिन्होंने खुद बताया कि वे नाइट क्लब से लौट रहे हैं.

आरोपी चालक गिरफ्तार: मामले में सेक्टर 14 पुलिस थाने के एएसआई रविंद्र सिंह ने बताया कि, " स्कॉर्पियो कार चालक मनमीत सिंह के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 1984 की धारा-3 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 324(5) (एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल करवाया गया लेकिन रिपोर्ट में उसके नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है. सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है, जिनके आधार पर आगामी कार्यवाही की जा रही है."