Panchkula Ghaggar River News: घग्गर नदी में मिला 4-5 दिन पुराना नवजात शिशु का शव, फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित छठ पूजा घाट के पास घग्गर नदी में एक नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सेक्टर-25 पुलिस चौकी और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।
 
पंचकूला क्राइम न्यूज

पंचकूला  : पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित छठ पूजा घाट के पास घग्गर नदी में आज एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने शव को पानी में बहकर किनारे की तरफ आते देखा, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही सेक्टर-25 पुलिस चौकी के इंचार्ज रामू स्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया और घटनास्थल की जांच करवाई। पुलिस इंचार्ज के अनुसार, फॉरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में नवजात शिशु का शव करीब 4 से 5 दिन पुराना बताया जा रहा है। 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।  पुलिस द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात शिशु का शव नदी में कहां से बहकर आया और इसे नदी में किसने छोड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है।