Crime Branch Prostitution Bust News 2026: पंचकूला में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़: 4 युवतियों का रेस्क्यू, मैनेजर और ग्राहक गिरफ्तार
पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में स्पा सेंटर और मसाज पार्लर की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने सेक्टर-5 स्थित बुद्धा इंटरनेशनल स्पा लाउंज में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है।
ACP क्राइम विक्रम नेहरा की अगुवाई में शनिवार को पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक फर्जी ग्राहक भेजकर छापेमारी की। पुलिस ने स्पा सेंटर के मैनेजर और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि 4 युवतियों को रेस्क्यू किया गया।
🕵️ फर्जी ग्राहक भेजकर छापेमारी
ACP क्राइम विक्रम नेहरा ने बताया कि शनिवार को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-5 पंचकूला स्थित बुद्धा इंटरनेशनल स्पा लाउंज के प्रथम तल पर मसाज पार्लर की आड़ में महिलाओं से देह व्यापार करवाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता पर उच्च पुलिस अधिकारियों के निर्देशों पर क्राइम ब्रांच-1 सेक्टर-26 की टीम तैयार की गई।
इस रेडिंग टीम में इंचार्ज मनोज कुमार, उनकी टीम और महिला पुलिस कर्मचारियों को शामिल किया गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच के एक पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर उसे 3000 रुपये देकर स्पा सेंटर भेजा गया। पुलिसकर्मी को निर्देश दिए गए कि वह स्पा सेंटर के मैनेजर से बातचीत कर देह व्यापार संबंधी गतिविधियों की पुष्टि करे। फिर सौदा तय होने पर निर्धारित मोबाइल नंबर पर संकेत दे। इसके बाद पुलिसकर्मी से संकेत मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत स्पा सेंटर पर दबिश दी।
👮 मैनेजर और ग्राहक गिरफ्तार, 4 युवतियां रेस्क्यू
DCP अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने स्पा सेंटर की जांच के दौरान रिसेप्शन पर मौजूद मैनेजर की पहचान प्रतीक नामदेव निवासी सतना, मध्य प्रदेश के रूप में की। वर्तमान में वह स्पा सेंटर में बतौर मैनेजर कार्यरत था। इसके अलावा एक ग्राहक समेत 4 युवतियां मिलीं।
पुलिस ने मौके से दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की महिलाओं को वहां से छुड़ाया। इसके अलावा पुलिस ने स्पा सेंटर के कैश काउंटर की जांच के दौरान कुल 15,200 रुपये नकदी बरामद की। इसमें फर्जी ग्राहक को दिए गए 3000 रुपये भी शामिल थे।
इसके अलावा, कमरों की तलाशी के दौरान नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। मामले में स्पा सेंटर के मैनेजर प्रतीक नामदेव और ग्राहक कुमार निगम निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ को गिरफ्तार किया गया है।
⚖️ आगे भी जारी रहेगी औचक छापामारी
पंचकूला पुलिस कमिश्नर IPS पंकज नैन ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन शामिल है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में स्पा सेंटर, मसाज पार्लर या किसी अन्य प्रतिष्ठान की आड़ में देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आगामी दिनों में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी और जांच अभियान जारी रहेगा।