पंचकूला ट्रैफिक पुलिस में बड़ा फेरबदल; रिश्वत की शिकायत के लिए नंबर जारी
पंचकूला पुलिस कमिश्नर पंकज नैन का बड़ा फैसला: ट्रैफिक विंग से हटाए गए SPO और होमगार्ड। रिश्वत या अभद्रता की शिकायत के लिए हेल्पलाइन 9115777026 जारी। जानें नए नियम।
पंचकूला: जिला पंचकूला में यातायात व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है. उन्होंने आम नागरिकों और अन्य राज्यों से आने वाले वाहन चालकों से प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव लागू करने के निर्देश जारी किए हैं. पुलिस कमिश्नर के इस फैसले के तहत अब वर्तमान में ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात सभी एसपीओ और होमगार्ड जवानों का ट्रैफिक विंग से तबादला कर उन्हें अन्य स्थानों पर तैनात किया जाएगा.
अन्य राज्य के वाहन चालकों की शिकायतें: इस बारे में मीडिया से बातचीत के दौरान पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि, "रोजाना जिला पंचकूला से होकर बड़ी संख्या में वाहन चालक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से आवागमन करते हैं. पिछले कुछ समय के दौरान यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न स्तरों पर शिकायतें प्राप्त हुई. इन शिकायतों के आधार पर ही विस्तृत समीक्षा करने के बाद उक्त फैसला लिया गया है."
गंभीर यातायात उल्लंघनों पर कार्रवाई:पुलिस कमिश्नर ने यातायात पुलिस को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि, "सड़क सुरक्षा से सीधे जुड़े गंभीर यातायात उल्लंघनों पर ही प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए. अब मुख्य रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग और वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने जैसे मामलों में चालान किए जाएंगे. इसका उद्देश्य आम वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी से बचाना और सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है."
पुलिस रिश्वत मांगे तो इस नंबर पर करें शिकायत:पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि वाहनों की जांच के दौरान किसी भी पुलिस कर्मचारी द्वारा वाहन चालकों के साथ अनुचित व्यवहार, अभद्रता, अनुचित लाभ लेने का प्रयास या रिश्वत की मांग किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9115777026 पर शिकायत दर्ज करा सकता है. ऐसी शिकायतों पर तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. शिकायतकर्ता की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी, ताकि कोई भी नागरिक बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सके.
पुलिस और लोगों के बीच भरोसे का रिश्ता: पुलिस कमिश्नर का मानना है कि पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार ही बेहतर पुलिसिंग की आधारशिला है. इसी सोच के तहत यह निर्णय लिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और अधिक मजबूत हो सके. पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है.

