Haryana Factory Accident News: समय पर इलाज न मिलने से गई दो बच्चों के पिता की जान, पुलिस जांच में जुटी
पानीपत : फैक्ट्री में भारी वजन उठाने के बाद एक श्रमिक की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान जगदीश के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ महीनों से फैक्ट्री में काम कर रहा था। वह दो बच्चों का पिता था।
परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने जगदीश से करीब 70 किलो वजन का ड्रम उठाने को कहा था। ड्रम उठाते समय अचानक उसके पेट में तेज दर्द हुआ। जगदीश ने इसकी जानकारी फैक्ट्री मालिक को दी, लेकिन आरोप है कि उसे तत्काल डॉक्टर के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई।
परिजनों के मुताबिक, जगदीश लगातार तबीयत खराब होने की बात कहता रहा और इलाज के लिए जाने की गुहार लगाता रहा। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान आंत फटने के कारण उसकी मौत होने की बात सामने आई। घटना के बाद परिवार ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि अगर जगदीश को समय रहते इलाज मिल जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। फिलहाल परिवार की ओर से मामले में कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।