पानीपत: कष्ट निवारण बैठक में 9 शिकायतों का निपटारा, मंत्री की कड़ी चेतावनी
पानीपत में मंत्री रणबीर गंगवा ने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। 14 में से 9 शिकायतों का मौके पर निपटारा, बैंक और कॉलोनाइजर पर FIR की चेतावनी।
पानीपत: पानीपत में हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने गुरुवार को जिला कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में कुल 14 शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 9 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया. बाकी 5 मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए अगली बैठक तक लंबित रखा गया. बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए.
"सरकार त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध": बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि, "मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. जिला कष्ट निवारण समिति की बैठकों के माध्यम से जनता की शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है. लंबित पांच मामलों में संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक में पूरी रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं."
"समस्या नहीं सुलझी तो बैंक और कॉलोनाइजर पर होगी FIR": बैठक में कॉलोनी और बैंक ऋण से जुड़े एक मामले पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि, "यदि बैंक और कॉलोनाइजर गरीब प्लॉटधारकों की समस्या का समाधान नहीं करते हैं तो दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी. बिना उचित रिकॉर्ड के ऋण स्वीकृत करना और जमीन बेच देना गंभीर लापरवाही है. गरीब लोगों को किसी भी कीमत पर परेशान नहीं होने दिया जाएगा और जिम्मेदार पक्षों की जवाबदेही तय की जाएगी."
"बारिश के बाद तेज होगा सड़क निर्माण": प्रदेश की सड़कों की स्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में रणबीर गंगवा ने कहा कि, "अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण तारकोल की उपलब्धता प्रभावित हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है. बारिश का मौसम समाप्त होते ही सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य तेज गति से शुरू किए जाएंगे. सरकार गुणवत्तापूर्ण सड़कें और भवन तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा."
"हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में प्रदर्शन मर्यादा के खिलाफ": दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन और लाठीचार्ज के मुद्दे पर मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, "प्रधानमंत्री पहले ही युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कह चुके हैं. हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में प्रदर्शन कर कांग्रेस ने मर्यादाओं का उल्लंघन किया है. नेता प्रतिपक्ष का आचरण भी निंदनीय और अशोभनीय रहा."
"संज्ञान में आएगा तो होगी कार्रवाई": हिसार में आर्य समाज की करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े कथित विवाद पर रणबीर गंगवा ने कहा कि, "यह मामला अभी सरकार के संज्ञान में नहीं आया है. यदि मामला संज्ञान में आता है तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. सरकार किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लेती है और जांच के बाद नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे."

