पानीपत में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने दो मासूम बच्चों को कुचला, मौत
पानीपत के बबैल-पलहेड़ी मार्ग पर दर्दनाक हादसा। तेज रफ्तार कार की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत। इकलौते बेटे की जान जाने से परिवार में पसरा मातम। जांच में जुटी पुलिस।
पानीपत : हरियाणा के पानीपत जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आकर दो मासूम बच्चों की जान चली गई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों में आपस में चाचा भतीजे का रिश्ता था। वहीं इस घटना से पूरा इलाका शोक में डूब गया है। परिवार गहरे सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा जिले के गांव बबैल से पलहेड़ी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुआ। मृतक बच्चों की पहचान 7 वर्षीय विनित पुत्र सोनू और 14 वर्षीय गुनीत पुत्र साहब सिंह के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे गांव के पास ही सड़क किनारे खड़े थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। वहीं इस हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर गए। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गुनीत घर का इकलौता बेटा था। वहीं इस घटना से हंसते खेलते दो परिवारों में मातम छा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी।

