पानीपत: तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक को मारी टक्कर, हलवाई की दर्दनाक मौत
पानीपत के भालसी गांव में दर्दनाक सड़क हादसा! तेज रफ्तार बस की टक्कर से 37 वर्षीय हलवाई जगदीश की मौत, एक गंभीर रूप से घायल। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पानीपत : हरियाणा के पानीपत में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक प्राइवेट बस ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 37 वर्षीय अटावला गांव निवासी जगदीश के रूप में हुई है, जो पेशे से हलवाई था। वह थर्मल प्लांट से अपने घर बाइक पर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। बता दें कि यह हादसा पानीपत के भालसी गांव स्थित स्टेडियम के पास रात करीब 8 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्राइवेट बस तेज गति से आ रही थी और उसने आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गए और जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जगदीश अपने पीछे 3 बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है, जिससे परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बस चालक लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों में आरोपी इस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

