Panipat RWA Secretary Dispute: चुनाव रंजिश में खूनी संघर्ष, घर में घुसकर मारपीट और बदसलूकी का मामला आया सामने

पानीपत के टीडीआई सिटी में आरडब्ल्यूए सचिव के परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस के सिपाही समेत कई लोगों पर आरोप।
 
Delhi police constable dispute Panipat

पानीपत : पानीपत के TDI सिटी में RWA की महिला सचिव के परिवार पर रॉड-डंडों से हमला कर दिया गया। परिवार का आरोप है कि पड़ोसी और दिल्ली पुलिस में तैनात सिपाही पुरुषोत्तम वत्स अपने साथियों के साथ जबरन घर में घुसे और मारपीट करने लगा।

वहीं, परिवार का दावा है कि मारपीट के दौरान परिवार की बहू के कपड़े फाड़े गए और बीच-बचाव करने आई उनकी 2 साल की बच्ची को भी पीटा गया। हमले में परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। वहीं, महिला सचिव ने बताया कि पुलिसकर्मी उनपर अभद्र टिप्पणी करते हुए ‘कैरेक्टरलेस’ कहता है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी महिला सचिव और परिवार के लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत मिली है और जांच की जा रही है। जानिए कैसे शुरु हुआ विवाद

सितंबर 2025 के RWA चुनाव से शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, सितंबर 2025 में TDI सिटी के RWA चुनाव में सचिव एकता बंसल और पड़ोसी पुरुषोत्तम वत्स आमने-सामने थे। चुनाव के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बना रहा। एकता बंसल वर्तमान में RWA की सचिव हैं। परिवार का आरोप है कि चुनाव की रंजिश के चलते पुरुषोत्तम लगातार एकता से विवाद करता था।

ऑनलाइन सुनवाई में कैरेक्टरलेस कहा

एकता बंसल की बहू और शिकायतकर्ता शिवानी बंसल के अनुसार, RWA के खिलाफ दायर एक केस की 22 सितंबर को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई थी। इस दौरान पुरुषोत्तम वत्स पर एकता बंसल के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। परिवार का कहना है कि उन्हें ‘कैरक्टरलेस’ कहा गया। इसी बात को लेकर एकता अगले दिन पुरुषोत्तम से बातचीत करने उसके घर गई थीं।

सुबह 9:30 बजे घर पर विवाद, धक्का-मुक्की

27 सितंबर सुबह करीब 9:30 बजे एकता बंसल पुरुषोत्तम के घर पहुंचीं। आरोप है कि वहां पुरुषोत्तम और उसकी पत्नी रीना वत्स ने उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। शोर सुनकर एकता का बेटा मौके पर पहुंचा और उन्हें वहां से लेकर आया। परिवार का आरोप है कि इस दौरान पुरुषोत्तम ने दिल्ली पुलिस में होने का हवाला देते हुए उन्हें झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।

एक घंटे बाद घर में घूसने का आरोप

परिवार के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे पुरुषोत्तम, रीना, कृष्ण वत्स, दीपांशु और 2-3 अन्य लोग रॉड-डंडे लेकर शिवानी बंसल के घर पहुंचे। आरोप है कि दरवाजा नहीं खोलने पर उन्होंने जबरन घर में प्रवेश किया और परिवार के लोगों से मारपीट शुरू कर दी।

बाल खींचे, कपड़े फाड़े; बच्ची को भी पीटा

शिवानी बंसल का आरोप है कि हमलावरों ने उनके बाल खींचे और उनके कपड़े फाड़ दिए। वह खुद को बचाने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान उनकी 2 साल की बेटी बीच में आई तो रीना वत्स ने उसे थप्पड़ मारकर नीचे गिरा दिया, ऐसा शिकायत में आरोप लगाया गया है।

रॉड से एकता के सिर-कंधे पर वार

शिकायत में आरोप है कि पुरुषोत्तम ने लोहे की रॉड से एकता बंसल के सिर और कंधे पर वार किया और उनका सिर दीवार में दे मारा। वहीं दीपांशु पर मनन बंसल से डंडों से मारपीट करने का आरोप है। परिवार के मुताबिक, हमलावरों ने घर के गेट पर लगे शीशे भी तोड़ दिए। मनन बंसल के चेहरे पर टूटे शीशे से वार करने का आरोप है, जिससे उनकी आंखों में कांच के टुकड़े चले गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

मोबाइल कैमरे में धमकी रिकॉर्ड होने का दावा

शिकायतकर्ता परिवार का कहना है कि मारपीट के दौरान शिवानी के पति ने मोबाइल से घटना रिकॉर्ड की। परिवार के अनुसार, वीडियो में जान से मारने की धमकी देते हुए आवाजें सुनाई दे रही हैं। आरोप है कि हमलावर जाते समय भी शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर चले गए। मामले में एकता बंसल, मनन, शिवानी समेत अन्य के खिलाफ भी दूसरे पक्ष ने शिकायत दी है। सेक्टर-13/17 थाना प्रभारी SI दीपक ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस सभी पहलूओं की जांच कर रही है। जांच में जिसकी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।