पीजीआई चंडीगढ़ टेलीमेडिसिन: घर बैठे लें विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह
पीजीआई चंडीगढ़ की टेलीमेडिसिन सेवा मरीजों के लिए वरदान! सालाना 4 लाख इन्क्वायरी के साथ ओपीडी का दबाव कम। जानें कैसे घर बैठे फॉलो-अप परामर्श लें।
चंडीगढ़: अस्पतालों में बढ़ती भीड़ के बीच पीजीआई चंडीगढ़ की टेलीमेडिसिन सेवा मरीजों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है. अब बड़ी संख्या में मरीज घर बैठे विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श ले रहे हैं. पीजीआई के अनुसार, टेलीमेडिसिन विभाग को हर साल करीब 4 लाख इन्क्वायरी मिल रही हैं, जो पिछले कुछ वर्षों की तुलना में लगभग दोगुनी हैं.
ओपीडी का बढ़ता दबाव: साल 2025 में पीजीआई की विभिन्न ओपीडी में 28.58 लाख मरीज पहुंचे. यानी प्रतिदिन औसतन 10 हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए अस्पताल आते हैं. बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन टेलीमेडिसिन सेवाओं का लगातार विस्तार कर रहा है, ताकि फॉलो-अप मरीजों को अस्पताल आने की आवश्यकता कम पड़े.
फॉलो-अप मरीजों को राहत: पीजीआई के टेलीमेडिसिन कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि, "अब पहले से पीजीआई में पंजीकृत मरीजों के फॉलो-अप ऑनलाइन किए जा रहे हैं. इससे मरीजों को केवल दवा बदलवाने या रिपोर्ट दिखाने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती. फिलहाल एंडोक्राइनोलॉजी, पेन क्लिनिक, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागों के मरीज इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं. आने वाले समय में अन्य विभागों को भी इससे जोड़ा जाएगा."
बच्चों के इलाज में भी मदद: डॉ. अमित अग्रवाल ने आगे बताया कि, "इन दिनों बच्चों में अपर रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन यानी सर्दी, खांसी और गले के संक्रमण के मामले सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं. ऐसे मरीजों तक समय पर विशेषज्ञ सलाह पहुंचाने में टेलीमेडिसिन अहम भूमिका निभा रही है. इससे शुरुआती इलाज में तेजी आई है और अनावश्यक अस्पताल यात्राएं भी कम हुई हैं."
ई-संजीवनी से जुड़ेगा सिस्टम: डॉ. अग्रवाल ने कहा कि, "जल्द ही पीजीआई, एम्स और देश के अन्य बड़े सरकारी अस्पतालों में ई-संजीवनी प्लेटफॉर्म को हॉस्पिटल इंफॉर्मेशन सिस्टम से जोड़ा जाएगा. पहली बार मरीज को अस्पताल आना होगा, लेकिन उसके बाद कई फॉलो-अप ऑनलाइन किए जा सकेंगे. इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे, जबकि अस्पताल की ओपीडी पर दबाव भी कम होगा. दूर-दराज के राज्यों से आने वाले मरीजों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी."

