पिंजौर: थाने के बाहर रेहड़ी हटाने पर विवाद, पार्षद और SHO में हुई तीखी बहस

पंचकूला के पिंजौर थाने के बाहर रेहड़ी-फड़ी हटाने को लेकर विवाद। पार्षद सौरभ गुप्ता और थाना प्रभारी के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो वायरल। जानें पूरी रिपोर्ट।

 
पिंजौर सड़क अतिक्रमण

पंचकूला : पंचकूला के पिंजौर में थाना परिसर से सटी रेहड़ी-फड़ी हटाने पर विवाद हो गया। इस दौरान पार्षद और थाना प्रभारी में तीखी बहस भी हुई। कार्रवाई के दौरान पार्षद सौरभ गुप्ता और थाना प्रभारी के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो भी वायरल हुआ। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का हवाला देकर पुलिस ने कार्रवाई की और इंपाउंड वाहन भी हटाए।

जानकारी के अनुसार, पिंजौर थाना परिसर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बुधवार को पुलिस ने थाना परिसर की चहारदीवारी से सटी रेहड़ी-फड़ी हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान थाने के बाहर सड़क किनारे खड़े इंपाउंड वाहनों को भी वहां से हटाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था में सुधार होने और राहगीरों व वाहन चालकों को सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। 

हालांकि कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई। कई लोगों ने थाना परिसर के आसपास से रेहड़ी-फड़ी और इंपाउंड वाहनों को हटाने के कदम को उचित बताया, जबकि रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने इसका विरोध किया। इसी दौरान रेहड़ी-फड़ी संचालकों की बात रखने पहुंचे पार्षद सौरभ गुप्ता और थाना प्रभारी राजेश कुमार के बीच तीखी बहस भी हुई। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि थाना परिसर और पुलिस कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दीवार से सटी रेहड़ी-फड़ी हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।