पीएम मोदी का हरियाणा दौरा: 17 जुलाई के ऐतिहासिक कार्यक्रमों की समीक्षा
17 जुलाई को पीएम मोदी हरियाणा में हाइड्रोजन ट्रेन और कई परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ। सीएम नायब सिंह सैनी ने तैयारियों की समीक्षा की। जानें क्या है खास।
चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के हरियाणा दौरे को लेकर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार सुबह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक की और सभी जिलों में व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में प्रदेश के सभी मंत्री, भाजपा विधायक, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, प्रत्याशी तथा अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों का विस्तार से जायजा लेते हुए कहा कि सभी आयोजन सुव्यवस्थित, गरिमामय और ऐतिहासिक होने चाहिए, ताकि यह दिन हरियाणा के विकास के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के लिए बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश को अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे, जिनसे आधारभूत ढांचे, परिवहन और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकार की विकास योजनाओं का संदेश पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने बैठक में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की जाने वाली परियोजनाओं से प्रदेशवासियों को होने वाले लाभ की जानकारी व्यापक स्तर पर आम जनता तक पहुंचाई जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क अभियान चलाने तथा लोगों को इन योजनाओं के महत्व से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन पूरी ऊर्जा, समर्पण और संगठनात्मक शक्ति के साथ इस ऐतिहासिक अवसर को सफल, भव्य और अविस्मरणीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यक्रमों के आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

