जींद: 17 जुलाई को पीएम मोदी देंगे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात

पीएम मोदी 17 जुलाई को जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। रैली होगी पूरी तरह इको-फ्रेंडली। सीएम सैनी ने तैयारियों का जायजा लिया।

 
हाइड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत

जींद: 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद आएंगे. यहां वो देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और हरियाणा के लोगों को करोड़ों रुपये की सौगात देंगे. पीएम मोदी के आगमन को लेकर बुधवार को हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने जींद में रैली स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान सीएम नायब सैनी ने कहा कि पीएम मोदी की रैली इको फ्रेंडली होगी. रैली में पेट्रोल और डीजल वाहनों का इस्तेमाल नहीं होगा.

हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात देंगे पीएम मोदी: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब-जब हरियाणा आए हैं, तो करोड़ों रुपये की सौगातें दी हैं. इस बार भी प्रधानमंत्री 17 जुलाई को जींद की पावन धरा पर आ रहे हैं. इस दिन प्रधानमंत्री जहां जींद को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात देंगें. वहीं प्रदेश को भी करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की सौगात मिलेगी. हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से सोनीपत तक चलाया जाएगा. जो देश का अहम प्रोजेक्ट है."

हरियाणा को करोड़ों रुपये की सौगात देंगे पीएम मोदी: सीएम नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का ये दौरा हरियाणा के लोगों के लिए गौरव का दिन होगा. अलग-अलग क्षेत्र में कई परियोजनाओं के ओर विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास इस दिन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा.

इको फ्रेंडली होगी पीएम मोदी की रैली: रैली की सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि इस रैली को पूरी तरह इको फ्रेंडली बनाया जाएगा. रैली में पेट्रोल और डीजल वाहनों का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया जाएगा. रैली में जो भी वाहन आएंगे वो या तो इलेक्ट्रिक होंगे या सीएनजी के होंगे. इसके अलावा ई रिक्शा, साइकिल और अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. उन्होंने सभी से अपील की कि इस कार्यक्रम को भव्य और पर्यावरण अनुकूल बनाने में अपना योगदान दें.

'चैनत गांव को पानी देना सरकार की जिम्मेदारी': चैनत गांव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि "सरकार का प्रयास है कि हर घर को पानी देना, उसका काम कर रहे हैं. चैनत गांव के लोगों को बुलाया गया था. मंत्री महिपाल ढांडा व रणबीर गंगवा व विधायक विनोद भ्याना भी गए थे. 450 ऐसे डिग्गी हैं, जिसमें सेम का पानी आ गया. हमने कहा कि 450 डिग्गी को वाटर प्रूफ इनकी रिपेयर करवा कर काम करेंगे. चैनत वाली का टैंडर भी हो गया. डायरेक्ट पाइप गांव को देने के लिए कहा. चैनत गांव को पानी देना सरकार की जिम्मेदारी है. गांव के लोग मिले और कहा कि पानी कम आता है. पीने के लिए पानी की कमी नहीं रहने देंगे."