PM मोदी का जींद दौरा 17 जुलाई: हाइड्रोजन ट्रेन और बड़ी सौगातों की तैयारी

17 जुलाई को जींद आ रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन और कई मेडिकल कॉलेजों व विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास। जानें अपडेट।

 
हरियाणा विकास परियोजनाएं

जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पहले जनसभा पांडू पिंडारा में प्रस्तावित थी, लेकिन बारिश की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल बदलकर एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित मैदान कर दिया गया है. करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विशाल जनसभा स्थल तैयार किया जा रहा है, जहां हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं.

जनसभा स्थल को दिया जा रहा भव्य स्वरूप: एकलव्य स्टेडियम के सामने मैदान को समतल करने के लिए छह जेसीबी मशीनें लगातार काम कर रही हैं. वहीं 20 से अधिक ट्रकों के माध्यम से टेंट, मैट, एग्जॉस्ट फैन और अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाई जा चुकी है. आयोजन स्थल पर मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके.

इको-फ्रेंडली होगी प्रधानमंत्री की रैली: प्रधानमंत्री की जनसभा को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं. कार्यक्रम में आने वाले लोगों से इलेक्ट्रिक बसों और अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने का आह्वान किया गया है. प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन हरित परिवहन और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी संदेश देगा.

आपात स्थिति के लिए विशेष स्वास्थ्य प्रबंध: प्रधानमंत्री की रैली में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पांच नई एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस तैनात की जाएंगी. इन एंबुलेंसों को जिला परिवहन कार्यालय से पासिंग मिल चुकी है. आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस ये एंबुलेंस गंभीर मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने में सक्षम होंगी. इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगी.

रोडवेज कर्मचारियों के अवकाश रद्द: प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जींद रोडवेज डिपो के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश अगले आदेश तक रद्द कर दिए गए हैं. रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि केवल चिकित्सीय आपात स्थिति में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से ही अवकाश स्वीकृत होगा. साथ ही सभी कर्मचारियों को मोबाइल चालू रखने और बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं.

यातायात व्यवस्था में किया गया बदलाव: रैली की तैयारियों के चलते शहर के अंदर से हांसी, असंध और नरवाना रूट पर चलने वाली बसों का संचालन 17 जुलाई तक बंद कर दिया गया है. वहीं रोहतक रूट की बसों की सुविधा बनाए रखने के लिए रोडवेज वर्कशॉप के पास हाईवे पर लगाए गए बैरिकेड हटा दिए गए हैं, जिससे बसें सीधे हाईवे के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.

हाइड्रोजन ट्रेन बनेगी मुख्य आकर्षण: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. इसके माध्यम से भारत हरित परिवहन तकनीक अपनाने वाले अग्रणी देशों की सूची में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराने की दिशा में आगे बढ़ेगा.

स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को मिलेगी नई मजबूती: दौरे के दौरान प्रधानमंत्री भिवानी और नारनौल मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण भी करेंगे. इन संस्थानों के शुरू होने से दक्षिण हरियाणा के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और प्रदेश में मेडिकल शिक्षा को भी नई गति मिलेगी. इसके अलावा कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, अंबाला-काला अंब ग्रीनफील्ड फोरलेन, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग, हांसी-बरवाला फोरलेन और बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजनाओं सहित कई विकास कार्यों का शुभारंभ और शिलान्यास भी प्रस्तावित है.

भाजपा संगठन और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय: मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने कहा कि, "जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय हैं. भाजपा संगठन और कार्यकर्ता इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं. कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं, ताकि प्रधानमंत्री का दौरा सफल और यादगार बन सके."