यमुनानगर: शहीद सुधीर नरवाल के परिवार को PNB ने सौंपा ₹1 करोड़ का चेक

यमुनानगर के शहीद सुधीर नरवाल के परिजनों को PNB रक्षक प्लस स्कीम के तहत ₹1 करोड़ की सहायता राशि मिली। डोडा हादसे में शहीद हुए थे सुधीर। बैंक ने क्लस्टर मीट में सौंपा चेक।

 
Martyr Sudhir Narwal PNB Check

यमुनानगर  : जम्मू-कश्मीर के डोडा में 22 जनवरी को शहीद हुए सुधीर नरवाल के परिजनों को पंजाब नेशनल बैंक ने पीएनबी रक्षक प्लस स्कीम के तहत सहायता देते हुए आज एक करोड़ रुपए का चैक सौंपा। यमुनानगर के खंड छछरौली शाखा के खाताधारक सुधीर नरवाल जनवरी में शहीद हो गए थे। 

इस मौके सहायक महाप्रबंधक रवि रंजन कुमार और सीनियर मैनेजर विकास शर्मा ने बताया कि पीएनबी रक्षक प्लस स्कीम के तहत खाताधारक शहीद सुधीर नरवाल के परिजनों को एक करोड़ रुपए का चैक दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा सीनियर सिटीजन, महिलाओं को भी बैंक द्वारा कई तरह की विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। खाताधारक को बिना किसी अतिरिक्त प्रीमियम के इंश्योरेंस का लाभ भी दिया जाता है।

पंजाब नेशनल बैंक यमुनानगर द्वारा यमुनानगर में आयोजित क्लस्टर मीट एमएसएमई के कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को संबोधित करते डीजीएम त्रिमूर्ति शिव पांडे ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक सदैव अपने ग्राहकों एवं देशवासियों के सुख-दुख में शामिल होकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए तत्पर है। 

देश एवं विदेशों में करोड़ संतुष्ट ग्राहकों के कारण ही पंजाब नेशनल बैंक दिन पतिदिन आगे बढ़ रहा है। सरहद पर देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान करने वाले देश के सपूतों को नमन करते हुए पंजाब नेशनल बैंक उनके परिजनों की हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहता है । इस अवसर पर उद्योगपतियोंं ने भी पीएनबी द्वारा दिए जा रहे लाभ पर संतोष प्रकट किया।

गौरतलब है कि 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना का एक वाहन गहरी खाई में गिर गया था। इस दर्दनाक हादसे में 10 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस हादसे में सुधीर नरवाल ने भी देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।