हरियाणा के 9 जिलों में बारिश का अलर्ट

हिसार।
हरियाणा में मौसम विभाग ने आज 9 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। यह अलर्ट 5 फरवरी तक जारी रहेगा। पश्चिमी पंजाब और पाकिस्तान के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण हरियाणा के पंजाब के साथ लगते इलाकों सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, हिसार, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में बारिश के आसार हैं।
इस दौरान ओले गिरने की भी संभावना है। इसके साथ धुंध भी छाएगी। वहीं, आज प्रदेश के 11 जिलों में सुबह घनी धुंध छाई रही। इनमें फरीदाबाद, नूंह, पलवल, झज्जर, महेंद्रगढ़, पानीपत, जींद, भिवानी, रेवाड़ी, कैथल और सिरसा शामिल हैं। इनमें से नूंह, फरीदाबाद, भिवानी और पलवल में विजिबिलिटी लगभग शून्य रही। बाकी जगहों पर भी विजिबिलिटी पर भारी असर रहा।
इधर, फतेहाबाद में शुक्रवार देर रात घने कोहरे के कारण एक क्रूजर गाड़ी भाखड़ा नहर में जा गिरी। इस हादसे में 11 लोग लापता हो गए, जबकि एक बच्चे सहित 2 लोगों बचाया गया था, जिनमें से एक की मौत हो गई है। वहीं, ड्राइवर ने हादसा होने से ठीक पहले गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। ये लोग पंजाब में एक शादी से लौट रहे थे।