Content Creator Rajat Dalal Thar Video: फरीदाबाद में पार्किंग विवाद को लेकर चर्चा में आए रजत दलाल, सामने आई सफाई

फरीदाबाद में फिटनेस इन्फ्लुएंसर रजत दलाल का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह थार से दूसरी गाड़ी को टक्कर मारकर रास्ता बनाते दिख रहे हैं।
 
फरीदाबाद पार्किंग विवाद

फरीदाबाद  : कंटेंट क्रिएटर, फिटनेस इन्फ्लुएंसर और रियलिटी शो स्टार रजत दलाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला किसी रियलिटी शो या सोशल मीडिया विवाद से नहीं, बल्कि पार्किंग को लेकर सामने आए एक वायरल वीडियो से जुड़ा है। वायरल वीडियो फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित एक पार्किंग एरिया का बताया जा रहा है। वीडियो में रजत दलाल अपनी महिंद्रा थार से सामने खड़ी एक कार को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। टक्कर के बाद कार के लिए रास्ता बनता है और रजत अपनी गाड़ी वहां से निकालते नजर आते हैं।

45-50 मिनट तक किया इंतजार, फिर मारी टक्कर

रजत दलाल की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, उनकी थार पार्किंग में खड़ी थी और उसके आगे दूसरी गाड़ी खड़ी होने के कारण बाहर निकलने का रास्ता नहीं था। उनका दावा है कि उन्होंने दूसरी कार के मालिक का करीब 45 से 50 मिनट तक इंतजार किया। रजत के मुताबिक, कार पर कोई संपर्क नंबर भी नहीं लगा था, जिसकी वजह से वाहन मालिक से फोन पर संपर्क नहीं हो सका। काफी देर इंतजार करने के बाद जब कार का मालिक नहीं आया तो उन्होंने अपनी थार से कार को टक्कर मारकर रास्ता बनाने का फैसला किया।

रजत बोले- पार्किंग में रोज की परेशानी

घटना के बाद रजत ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट और वीडियो शेयर कर अपनी सफाई दी। उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो न तो किसी प्रमोशन का हिस्सा है और न ही पहले से स्क्रिप्टेड है। रजत का कहना है कि पार्किंग में उनकी गाड़ी को इस तरह फंसाने की समस्या अक्सर सामने आती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो ड्रोन से शूट नहीं किया गया, बल्कि उनके जिम की तीसरी मंजिल से रिकॉर्ड किया गया था।

वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर दो राय

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कुछ यूजर्स रजत दलाल के इस कदम को गलत बता रहे हैं। उनका कहना है कि रास्ता रोकने वाली गाड़ी के खिलाफ पुलिस या पार्किंग प्रबंधन की मदद ली जा सकती थी। वहीं, कुछ लोग रजत के पक्ष में भी नजर आए। उनका कहना है कि किसी की गाड़ी को इस तरह रास्ता रोककर खड़ा करना भी गलत है। कुछ यूजर्स ने वीडियो के स्क्रिप्टेड या प्रचार का हिस्सा होने की आशंका जताई, हालांकि रजत ने इन दावों को खारिज किया है।

बिग बॉस-18 के बाद देशभर में मिली पहचान

रजत दलाल फरीदाबाद से जुड़े कंटेंट क्रिएटर, फिटनेस इन्फ्लुएंसर और पावरलिफ्टर हैं। उन्हें देशभर में खास पहचान रियलिटी शो 'बिग बॉस 18' में हिस्सा लेने के बाद मिली। इसके अलावा वह 'द 50' जैसे रियलिटी शो में भी नजर आ चुके हैं। बिग बॉस के दौरान भी रजत अपने बेबाक अंदाज और अन्य प्रतियोगियों के साथ विवादों को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं। अब फरीदाबाद का यह पार्किंग वीडियो एक बार फिर उन्हें सोशल मीडिया की सुर्खियों में ले आया है।