Sugarcane Price MSP News 2026: रेवाड़ी में राकेश टिकैत का बड़ा बयान: गन्ने के दाम नहीं बढ़े तो शुगर मिलों पर लग जाएगा ताला
रेवाड़ी: दीनबंधु सर छोटूराम जयंती एवं गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर रेवाड़ी पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने पंजाब की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन का कोई खास असर नहीं पड़ेगा, हालांकि कुछ सीटों में बढ़ोतरी जरूर हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पंजाब में सिख समाज को बदनाम करने का प्रयास कर रही है, ताकि सिख समाज दुनिया से अलग-थलग हो जाए।
🗳️ चुनाव से दूर रहने की सलाह
राकेश टिकैत ने किसान नेताओं को चुनाव नहीं लड़ने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि किसान नेता अच्छे आंदोलनकारी जरूर साबित हो सकते हैं, लेकिन अच्छे राजनीतिक नेता नहीं। इसलिए उन्हें चुनाव नहीं लड़ना चाहिए, वरना हार सुनिश्चित है। वर्ष 2029 के चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि यदि बेईमानी से चुनाव हुए तो भाजपा सरकार बना सकती है, लेकिन निष्पक्ष और ईमानदारी से चुनाव हुए तो विपक्ष की सरकार बनेगी।
🌾 किसानों की आमदनी घटी
टिकैत ने मौजूदा सरकार को पूंजीपतियों की सरकार बताते हुए कहा कि देश में किसानों की आमदनी घट रही है, जबकि पूंजीपतियों को इसका फायदा मिल रहा है। सरकार MSP पर किसानों की फसल की खरीद नहीं कर रही, जिसके चलते कई राज्यों में पूंजीपति किसानों की फसल सस्ते दामों पर खरीदकर महंगे भाव में बेच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक किसानों को करीब 20 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। किसानों की आमदनी नहीं बढ़ी, बल्कि उनका कर्ज लगातार बढ़ रहा है।
🏭 गन्ने के दाम नहीं बढ़ाए तो शुगर मिलों पर लग जाएगा ताला
गन्ना किसानों की समस्याओं पर टिकैत ने कहा कि चीनी के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सरकार गन्ने के दाम बढ़ाने को तैयार नहीं है। हरियाणा का किसान सबसे मजबूत किसान है। यदि उसने शुगर मिलों पर ताला लगाने का फैसला कर लिया तो वह इसे हकीकत में बदल देगा। उन्होंने कहा कि किसान इस संघर्ष में अकेले नहीं हैं, भारतीय किसान यूनियन उनके साथ खड़ी है। सरकार को समय रहते किसानों की मांग मानते हुए गन्ने के दाम बढ़ाने चाहिए।
🌫️ किसानों को बनाया जा रहा निशाना
प्रदूषण के मुद्दे पर टिकैत ने कहा कि केवल पराली जलाने को प्रदूषण का कारण बताकर किसानों को निशाना बनाना उचित नहीं है। फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं भी प्रदूषण का बड़ा कारण है। सरकार औद्योगिक इकाइयों से फैल रहे प्रदूषण पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है, जबकि किसानों पर प्रदूषण फैलाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के वास्तविक कारणों पर गंभीरता से ध्यान देने और फैक्ट्रियों पर भी सख्ती करने की जरूरत है।