Badshah New Song Controversy: 'टिटहरी' गाने पर भड़के भाजपा नेता कर्ण प्रताप सिंह; बादशाह को दी चेतावनी, हरियाणा में बैन की मांग
रैपर बादशाह का नया गाना 'टिटहरी' विवादों में घिर गया है। भाजपा युवा नेता कर्ण प्रताप सिंह ने गाने के बोल और फिल्मांकन को हरियाणा की अस्मिता और बेटियों के प्रति आपत्तिजनक बताते हुए सरकार से इसे बैन करने और गानों के लिए सेंसर बोर्ड बनाने की मांग की है।
चंडीगढ़ : रैपर एवं गायक बादशाह के नये गाने 'टिटहरी' को लेकर भाजपा युवा नेता कर्ण प्रताप सिंह ने चेतावनी दी है, कर्ण प्रताप सिंह ने आज नरवाना में पत्रकार वार्ता के दौरान रैपर बादशाह के नये गाने को बेहद आपत्तिजनक एवं हरियाणा प्रदेश की अस्मिता पर प्रहार बताते हुए सरकार के समक्ष इसको बैन करने की बात रखी।
उन्होंने कहा कि इस गाने में गायक के बोल हरियाणा प्रदेश की बेटियों के प्रति बेहद आपत्तिजनक हैं और इसके फिल्मांकन में भी हरियाणा प्रदेश की छवि को दागदार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रैपर एवं गायक बादशाह के इस नये गाने में बच्चियों को हरियाणा के सरकारी स्कूल वर्दी पहने हरियाणा रोड़वेज के जींद डिपो की बस पर चढ़कर नाचते हुए दिखाया गया है। कर्ण प्रताप सिंह ने बातचीत के दौरान रैपर बादशाह को कड़े शब्दों में चेताया कि अगर उन्होंने हरियाणा की छवि एवं हमारी बहन- बेटियों की अस्मिता पर हमला करने की कोशिश की तो हरियाणा का युवा उनसे अलग तरीके से निपटेगा।
ज्ञात रहे कि भाजपा युवा नेता कर्ण प्रताप सिंह ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को ज्ञापन देकर अश्लीलता एवं गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों को बैन करने की मांग की थी जिसपर कार्य करते हुए हरियाणा सरकार ने कुछ गानों को बैन भी किया था जिसपर काफ़ी हो हल्ला मचा था। कर्ण प्रताप सिंह ने हरियाणा सरकार से फिल्मों की तर्ज़ पर गानों पर भी सैंसर बोर्ड के गठन की मांग करते हुए कहा कि पहले के समय में गाने केवल आडियो रूप में सुने जाते थे परन्तु आजकल गानों के वीडियो भी आते हैं जिसपर कड़ी निगरानी की जरूरत है।

