बावल फैक्ट्री अग्निकांड: एक और कर्मचारी की मौत, अब तक 4 की जान गई; मालिक पर FIR
रेवाड़ी के बावल में GLS कैमिकल कंपनी अग्निकांड में मौतों का आंकड़ा 4 पहुंचा। अस्पताल में उपचाराधीन प्रवेश ने तोड़ा दम। कंपनी मालिक समेत 3 पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज।
रेवाड़ी: आद्यौगिक क्षेत्र बावल के सेक्टर-5 स्थित कैमिकल बनाने वाली जीएलएस कंपनी में 19 मई को लगी भीषण आग में झुलसे कर्मचारियों में से एक और कर्मचारी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. अब मरने वाले कर्मचारियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. चार झुलसे हुए कर्मचारी अभी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं. पीड़ित परिवारों की शिकायत पर कंपनी मालिक सहित तीन पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है.
केमिकल फैक्ट्री आग मामला: जीएलएस कंपनी में 19 मई को अचानक आग लग गई थी. इस अग्निकांड में अनेक कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गए थे. दो दिनों बाद आग पर काबू पाया गया था. आग लगने के बाद कई कर्मचारी लापता हो गए थे. सर्च अभियान के दौरान दो दिन बाद कर्मचारी बिहार के सतेन्द्र व धर्मेन्द्र के शव कंपनी परिसर से कंकाल में रूप में बरामद हुए थे. इस दौरान एक कर्मचारी हरीबाबू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था.
इलाज के दौरान एक और मजदूर की मौत: अब उपचाराधीन चौथे कर्मचारी यूपी निवासी 40 वर्षीय प्रवेश की जिंदगी से लड़ते हुए मौत हो गई. उसके दो वर्ष की मासूम बच्ची है. पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. चार कर्मचारी विक्रम, राहुल, सचिन व अमित अभी भी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं. बावल थाना पुलिस ने कंपनी के मालिक, प्लांट हैड व एचआर हैड के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है.
पुलिस की जांच जारी: बावल थाना प्रभारी फूल सिंह ने बताया है कि "फैक्ट्री में आग लगने की घटना के दौरान घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है. शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया इस मामले में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है."

