रेवाड़ी: कंपनी कर्मचारी का अपहरण कर ₹24 हजार लूटे; 5 आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी के बावल में ड्यूटी से लौट रहे कर्मचारी का अपहरण, पिस्तौल दिखाकर खाते से उड़ाए ₹24 हजार। 2 बालिग और 3 नाबालिग आरोपी गिरफ्तार, कार बरामद।
रेवाड़ी: रेवाड़ी के बावल क्षेत्र में कंपनी कर्मचारी का अपहरण कर लूटपाट करने के मामले में कसोला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें दो बालिग और तीन नाबालिग शामिल हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और हुंडई वेन्यू कार बरामद की है. आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग मामले पहले से भी दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों की पैदल परेड कराकर घटनास्थल की निशानदेही भी कराई.
मुख्य आरोपी और आपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस की मानें तो गिरफ्तार मुख्य आरोपियों की पहचान गांव तिहाड़ा निवासी मोहित और सैनिक कॉलोनी, मोहल्ला जटवाड़ा निवासी कमल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार मोहित के खिलाफ पहले भी मोबाइल और नकदी लूट का मामला दर्ज है, जबकि कमल पर लूट और चोरी के करीब 8 से 9 मुकदमे दर्ज हैं. तीन अन्य नाबालिग आरोपियों को भी पुलिस ने नियमानुसार कस्टडी में लिया है.
कंपनी से लौटते समय बनाया निशाना: पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के गांव सिहारी निवासी सूरज सिंह ने 12 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. वह वर्तमान में बावल के गांव जलियावास में किराये पर रहता है और आईएमटी बावल स्थित टैक्नीको प्राइवेट कंपनी में ठेकेदारी पर कार्य करता है. शिकायत के अनुसार, 11 जुलाई की शाम ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय गुटरमैन कंपनी के पास एक वेन्यू कार में सवार पांच युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया.
पिस्तौल के बल पर खाते से उड़ाए ₹24 हजार: पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और पासवर्ड पूछकर उसके बैंक खाते से ऑनलाइन ₹24 हजार ट्रांसफर कर लिए. वारदात के बाद आरोपी उसे बावल क्षेत्र के गांव दुल्हेड़ा खुर्द नहर के पंप हाउस (JC-1) के पास छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी: शिकायत मिलने के बाद कसोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कई टीमों का गठन किया. इसी दौरान पुलिस को बिना नंबर की संदिग्ध वेन्यू कार की सूचना मिली. पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे. भागते समय मुख्य आरोपी मोहित गड्ढे में गिरकर घायल हो गया. तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक जिंदा कारतूस और गाड़ी से अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया और बाद में अन्य आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया.
डीएसपी ने दी जानकारी: मामले में डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने कहा, "शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित कीं. संदिग्ध कार की सूचना मिलने पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई. मुख्य आरोपी के कब्जे से अवैध देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है. मामले में शामिल तीन नाबालिगों को भी नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है. आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है."

