रेवाड़ी: बावल की सोलर कंपनी में भीषण आग, 12 गाड़ियों ने 180 टैंक पानी से पाया काबू

रेवाड़ी के बावल IMT में UTL सोलर कंपनी में देर रात लगी भयंकर आग। 12 दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, कोई हताहत नहीं।

 
हरियाणा इंडस्ट्रियल फायर

रेवाड़ी: देर रात बावल के आईएमटी क्षेत्र में स्थित सोलर कंपनी में अचानक धमाके के साथ आग लग गई. बताया जा रहा है कि रात 11 बजे के करीब आग लगी थी. देखते ही देखते आग ने भंयकर रूप धारण कर लिया. आग की सूचना के बाद फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. UTL Solar कंपनी में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायरबिग्रेड की 12 गाड़ियां लगाई गई थी.

रेवाड़ी की सोलर कंपनी में आग: बताया जा रहा है कि हर गाड़ी ने करीब 15 से 17 फेरे लगाए और आग को कट्रोल करने में 180 से अधिक टैंक पानी का इस्तेमाल किया. रात को जब कंपनी में आग लगी, तब प्रोडेक्शन बंद था. जिस कारण आग लगने से जानी नुकसान होने से बच गया. आग लगने की सूचना कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड ने कंपनी प्रबंधन, पुलिस और फायर बिग्रेड को दी.

ट्रांसफार्मर फटने से धमाका? एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रात को कंपनी के पास धमाके साथ एक ट्रांसफार्मर फटा. जिससे आसपास लगी आग कंपनी तक पहुंची और फिर भयंकर रूप धारण कर लिया. जब तक फायरबिग्रेड की टीमें मौके पर पहुंची, तब तक आग भयंकर रूप धारण कर चुकी थी. हालांकि आग कैसे लगी? इसकी अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.

दमकल की 12 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू: सहायक फायर ऑफिसर संजय ने बताया कि "हमें रात करीब सवा 11 बजे सूचना मिली थी. फायरबिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और 12 गाड़ियां लगाकर रातभर आग पर काबू पाए जाने के प्रयास किया. अब स्थिति नियंत्रण में है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह मानी जा रही है. पानी की उपलब्धता हमारे लिए पॉजिटिव प्वाइंट रही."