रेवाड़ी: प्लाईवुड शोरूम में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

रेवाड़ी के गोकलगढ़ गांव स्थित प्लाईवुड शोरूम में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। बाहर सो रहे मजदूरों ने दी सूचना। दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू।

 
plywood warehouse fire Haryana

रेवाड़ी : शहर के गांव गोकलगढ़ स्थित एक प्लाइवुड शोरूम में रविवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शोरूम के बाहर सो रहे पांच मजदूरों ने सबसे पहले आग लगने का पता चलने पर तुरंत शोरूम मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। 

जानकारी के अनुसार गांव गोकलगढ़ टी-प्वाइंट के पास वुड स्टूडियो नाम से प्लाइवुड का शोरूम संचालित है। रविवार सुबह करीब छह बजे अचानक शोरूम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग शोरूम और उससे जुड़े गोदाम तक फैल गई, जिससे वहां रखा प्लाइवुड और अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया। घटना के समय गोदाम के बाहर पांच मजदूर सो रहे थे। धुआं और आग की लपटें देखकर उन्होंने तुरंत शोरूम मालिक को सूचना दी और पुलिस व फायर ब्रिगेड को भी मामले से अवगत कराया। इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं, जबकि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।