रेवाड़ी धमाका: सफदरजंग में तन्नु की मौत, शादी से पहले घर में छाया मातम

रेवाड़ी के हंस नगर धमाके में झुलसी 25 वर्षीय तन्नु की दिल्ली में मौत। शादी से पहले हुई इस दुखद घटना के बाद भी विस्फोट के कारण रहस्य बने हुए हैं।
 
पुलिस जांच रेवाड़ी ब्लास्ट

रेवाड़ी: रेवाड़ी के हंस नगर में रविवार शाम हुए रहस्यमयी धमाके में गंभीर रूप से झुलसी 25 वर्षीय तन्नु की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. हादसे के चार दिन बाद भी विस्फोट के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

आखिर हार गई तन्नु: दरअसल, रविवार शाम हुए धमाके में करीब 80 प्रतिशत तक झुलसी तन्नु को पहले रेवाड़ी से पीजीआई रोहतक और बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था. गुरुवार शाम करीब पांच बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. तन्नु का रिश्ता तय हो चुका था और आगामी 25 नवंबर को उसकी शादी होनी थी, लेकिन इससे पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. शुक्रवार को शव के रेवाड़ी पहुंचने की संभावना है.

धमाके में एक ही परिवार के कई लोग झुलसे: हादसे में पूर्व सैनिक सतबीर चौहान, उनकी पत्नी मधु, छोटी बच्ची खुशी और पड़ोसी सीआरपीएफ जवान जयभगवान भी झुलस गए थे. सभी का दिल्ली में इलाज चल रहा है. घटना के बाद से पुलिस ने घर को सील कर रखा है और मौके पर 24 घंटे पुलिस की निगरानी बनी हुई है.

कपड़े प्रेस करते समय हुआ था जोरदार धमाका: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम तन्नु अपने कमरे में कपड़े प्रेस कर रही थी. उसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ. आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य कमरे की ओर दौड़े, लेकिन वे भी धमाके की चपेट में आकर झुलस गए. उस समय तन्नु ने ट्यूशन के लिए बच्चों को बुलाया हुआ था, हालांकि बच्चों के पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया.

"रिपोर्ट के बाद ही होगी पुष्टि": फिलहाल मामले की जांच जारी है और अभी तक धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है. मामले में सेक्टर-3 चौकी इंचार्ज ने कहा कि, "इस मामले में तन्नु नाम की युवती की मौत हो गई है. शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा. ब्लास्ट किस चीज से हुआ, इसकी पुष्टि जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी."