Rewari Interstate Gang Busted: रेवाड़ी में ट्यूबवेल और सोलर केबल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी : थाना कोसली पुलिस ने खेतों में लगे ट्यूबवेल और सोलर पैनल की केबल, कॉपर तार व अन्य उपकरण चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने रेवाड़ी, भिवानी, महेंद्रगढ़ और गुरुग्राम जिलों में 38 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
डीएसपी कोसली विद्यानंद ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गांव जखाला निवासी सुल्तान सिंह ने शिकायत दी थी कि 23 अगस्त की सुबह उसका बेटा मुंडड़ा रोड स्थित ट्यूबवेल पर मोटर चलाने गया था। वहां कोठड़ी का ताला टूटा मिला और बिजली की केबल गायब थी।
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात करीब 2:30 बजे खेतों में चोरी करते समय पड़ोसी लक्ष्मण की सतर्कता से ग्रामीणों ने अमित शौकीन उर्फ सीटू निवासी छावला, दिल्ली को मौके पर पकड़ लिया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने अमित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.5 किलोग्राम चोरी की तांबे की तार बरामद की। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 27 अगस्त को तीन अन्य आरोपियों धर्मवीर उर्फ बब्लू निवासी खुर्शीद नगर, सोमबीर शर्मा उर्फ पटवारी निवासी चिड़िया, जिला चरखी दादरी और सतीश निवासी बहु, जिला झज्जर को भी गिरफ्तार किया।
तीनों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने खेतों में लगी सोलर केबल, तांबे की तार, स्टार्टर और नोजल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चार जिलों में 38 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया। इनमें रेवाड़ी के सदर थाना क्षेत्र की 10, कोसली की 7, रोहड़ाई की 3, जाटूसाना की 2 और रामपुरा की 2 वारदातें शामिल हैं।
पुलिस ने धर्मवीर से 1.490 किलोग्राम, सोमबीर से 1.190 किलोग्राम और सतीश से 1.400 किलोग्राम कॉपर तार बरामद की है। अमित के कब्जे से पहले ही करीब 1.5 किलोग्राम कॉपर तार बरामद की जा चुकी है। पुलिस अब चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ियों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां व बरामदगी हो सकती है। डीएसपी कोसली ने थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार और जांच अधिकारी पीएसआई सुरेंद्र की कार्रवाई की सराहना की।