Haryana POCSO Case News: रेवाड़ी के कोसली क्षेत्र में सनसनीखेज मामला, बेटे के वीडियो दिखाने के बाद आरोपी महिला गिरफ्तार

रेवाड़ी में नाबालिग बेटे के यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने लिव-इन में रह रही महिला को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
 
हरियाणा पुलिस क्राइम जांच

रेवाड़ी : कोसली थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बेटे के यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। शिकायत नाबालिग के पिता ने पुलिस को दी थी। महिला पिछले करीब पांच साल से शिकायतकर्ता के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि महिला उसके नाबालिग बेटे को नशीली दवाइयां देकर उसके साथ यौन संबंध बनाती थी। जब बेटे ने उसे इस बारे में बताया तो पहले उसे विश्वास नहीं हुआ। 

बाद में बेटे ने घटना से जुड़ी वीडियो दिखाई, जिसके बाद उसने गांव के सरपंच को मामले की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलने और पुलिस कार्रवाई की बात सामने आने के बाद महिला रात के समय घर से फरार हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला घर से नकदी और गहने भी लेकर गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस को महिला के गुरुग्राम में किराए के मकान में रहने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि महिला पहले भी कुछ युवकों के खिलाफ दुष्कर्म के मामले दर्ज करा चुकी है। वर्ष 2020 में उसने अपने पति के खिलाफ भी दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पुलिस इन सभी तथ्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।